महाकाल के गर्भगृह में आग, पुजारी समेत 14 झुलसे,भस्म आरती के दौरान गुलाल डालने से भड़की आग

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह 5.49 बजे भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई। इसमें पुजारी समेत 14 लोग झुलस गए। घायलों में 9 को इंदौर रेफर किया गया है। 3 को उज्जैन जिला अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई, 2 भर्ती हैं। हादसे के समय मंदिर में हजारों श्रद्धालु महाकाल के साथ होली मना रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के बेटे वैभव और बेटी आकांक्षा भी नंदी हॉल में मौजूद थे।

घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाला। गुलाल दीपक पर गिरा। अनुमान है कि गुलाल में कोई केमिकल ऐसा था, जिससे आग भड़क गई।

गर्भगृह में लगी चांदी की परत को रंग-गुलाल से बचाने के लिए फ्लैक्स लगाए गए थे। इसमें भी आग लग गई। कुछ लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पर पाया। 6 साल पहले भी महाकाल मंदिर में होली पर इसी तरह की घटना हो चुकी है। तब एक पुजारी झुलस गए थे। हादसे से दर्शन व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है। श्रद्धालु सामान्य तौर पर दर्शन कर रहे हैं।

PM मोदी ने CM से कहा- ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके इंतजाम करें

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज CM हाउस में होने वाला होली मिल समारोह स्थगित कर दिया। वे घायलों से मुलाकात के लिए भोपाल से इंदौर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने उज्जैन आकर घायलों का हाल जाना। उज्जैन में घायलों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को 1-1 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने भी घटना की जानकारी ली है। प्रधानमंत्री ने मामले की जांच और आगे ऐसी घटना न हो, इसके इंतजाम करने को कहा है। PM नरेंद्र मोदी ने CM डॉ. मोहन यादव से फोन पर चर्चा की। उन्होंने सभी घायलों का हालचाल भी पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, कलेक्टर ने 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है। कमेटी को तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई करेंगे।

इंदौर रेफर हुए 9 लोग 20 से 25% झुलसे

जिला अस्पताल में सिविल सर्जन पीएन वर्मा ने बताया कि 14 घायलों में 9 इंदौर रेफर किए गए हैं। 3 को अस्पताल से छुट्‌टी दे दी गई है। 2 लोग फिलहाल एडमिट हैं। इंदौर रेफर हुए लोग 20 से 25% झुलसे हैं। चमड़ी जलने से जलन बहुत होती है, इसीलिए सभी घबराए हुए थे। कोई भी गंभीर रूप से नहीं झुलसा है।

इंदौर के खजराना मंदिर में भी लगी आग

इंदौर के खजराना मंदिर में भी उज्जैन के महाकाल मंदिर की तरह घटना हुई। यहां सोमवार सुबह करीब 11 बजे आरती के बाद गुलाल उड़ाने के दौरान आग भभक गई थी। पुजारी और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत ही आग काबू पा लिया।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!