दर्जी दुकान में लगी आग, होली के त्योहार पर 3.5 लाख का नुकसान, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
उदयपुर के सेमारी थाना क्षेत्र के टोकर गांव में होली पर्व के दिन सोमवार को एक दर्जी की दुकान में अचानक आग लग गई। जिससे दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के वक्त हैप्पी नाम की दर्जी की दुकान बंद थी। दुकानदार और उनका परिवार खुशी से होली मना रहा था। लेकिन अचानक इस घटना के बाद हुए भारी नुकसान ने परिवार की चिंता बढ़ा दी।
घटना के दौरान आसपास लोग होली खेल रहे थे। तभी लोगों को दुकान के अंदर से धुआं बाहर उठता दिखाई दिया। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर आग को बुझाने का प्रयास किया। फिर गेट को खोलकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब आधे घंटे की मशक्कत बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दुकानदार हुरमा पुत्र कालू मीणा ने बताया कि होली पर्व की वजह से दुकान बंद थी। शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। जिससे दुकान के अंदर रखे नए कपड़े, इन्वर्टर, सिलाई मशीन सहित अन्य उपकरण जल गए। जिससे करीब 3.5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
