राजस्थान में पेट्रोल-डीजल सस्ता हुआ : राज्य सरकार ने 2 प्रतिशत वैट घटाया,केंद्र ने भी रेट कम किए, डबल फायदा

सीएम भजनलाल शर्मा की कैबिनेट की दूसरी बैठक में पेट्रोल डीजल के दाम कम करने का फैसला लिया गया है। सरकार ने वैट में 2 प्रतिशत कटौती की है। वहीं, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने भी देशभर में 2 रुपए लीटर पेट्रोल-डीजल के दाम कम कर दिए हैं। इससे राजस्थान को डबल फायदा होगा और राजस्थान के हर जिले में कम से कम साढ़े 3 रुपए पेट्रोल-डीज़ल पर जरूर कम होंगे। राजस्थान में अब 31.04 प्रतिशत की जगह 29.04 प्रतिशत वैट लगेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वैट में कटौती से पेट्रोल के रेट में 1 रुपए 40 पैसे से लेकर 5 रुपए 30 तक रेट कम होंगे, डीजल के रेट 1 रुपए 34 पैसे से लेकर 4 रुपए 85 पैसे तक कम हाेंगे। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के मुताबिक अभी फाइनल रेट तो नहीं आए हैं, लेकिन पेट्रोल की कीमत पूरे राजस्थान में 104 रुपए 88 पैसे और डीजल की कीमत 90 रुपए 32 पैसे प्रति लीटर के आसपास रहेगी।

एक जैसे होंगे हर जिले में रेट

अभी तक राजस्थान के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल-डीजल के रेट अलग-अलग थे, उस विसंगति को भी सरकार ने दूर कर दिया है, अब हर जिले में एक ही रेट होगा। अभी जिस जिले में पेट्रोल-डीजल के रेट पहले से ज्यादा थे, वहां ज्यादा पैसा कम हुआ, वहीं जिस जिले में रेट कम है, वहां कम पैसा घटा।

 

आज सुबह 6 बजे से लागू होगई कीमतें

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल पर कम हुई कीमतें शुक्रवार सुबह 6 बजे से लागू होगई। इससे राज्य सरकार के ऊपर 1500 करोड़ रुपए का भार आएगा।

दरअसल, 10 और 11 मार्च को ही प्रदेश में वैट कम करने की मांग को लेकर पेट्रोल डीलर्स ने हड़ताल की थी। साथ ही सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था।

कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 प्रतिशत बढ़ा राज्य सरकार ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता(डीए) 4 प्रतिशत बढ़ा दिया है। गौरतलब है कि पिछले दिनों केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ता बढ़ाया था। इसके बाद राज्य सरकार ने भी यह फैसला लिया। इससे राज्य सरकार पर 1639 करोड़ रुपए का भार आएगा। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता 46 से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!