बांसवाडा : तीन करोड़ के नकली नोट बरामद,डेढ़ लाख के बदले 2 करोड़ रुपए करने का देते झांसा

बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में पुलिस ने पैसों को दोगुना करने का झांसा देकर नकली नोट थमाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी ग्राहकों को डेढ़ लाख रुपए लेकर दो करोड़ रुपए करने का झांसा देते थे। पुलिस ने आरोपियों के घर से करीब दो करोड़ 90 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए है।

कुशलगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद के वटवा निवासी अभी कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि आरोपी रात के अंधेरे में असली रुपए ले लेते है और फिर पर्दा गिराकर उन्हें दोगुना करने का तंत्र-मंत्र करते है। इसके बाद नकली नोट गिराकर दूसरों को नकली नोट थमा देते है। मामले में पुलिस ने आरोपी आरोपी वाहिद महाराज(55) उर्फ अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार कर लिया है।

मध्यप्रदेश में हैं गिरोह का मुखिया

कुशलगढ़ डीएसपी रूपसिंह ने बताया कि आरोपी वाहिद महाराज ने बताया कि मध्यप्रदेश के बालोद में रहने वाला उसका दोस्त हरीश बैरागी उसे ग्राहक भेजता है। नकली नोटों को वाहिद अपने परिचित भरत और नीरू कटारा के घर ले जाते, जहां एक विशेष कमरा बनाया हुआ है। वहीं रात में ग्राहक बुलाते। फिर ग्राहक से असली रुपए ले लेते और कमरे में कम उजाला रखते। इसके बाद पर्दे के पीछे से छिपकर नकली नोट गिराते थे। ग्राहक को वहीं नकली नोट असली होना समझाते, उसके बाद डरा धमकाकर असली नोट हड़प लेते थे।

पर्दा गिराकर गिराते थे नकली नोट

प्रार्थी अभी कुमार ने बताया कि उसके दोस्त जगदीश यादव ने भी रुपए डबल करने के लिए वाहिद महाराज को रुपए दे रखे हैं। प्रार्थी को वाहिद ने 5 मार्च को बुलाया, तब अभी कुमार अपने मित्र जगदीश तुषार और पीयूष के साथ कुशलगढ़ पहुंचा। रात को बाबा(वाहिद) से संपर्क हुआ और उन्होंने भरत को भेजा। भरत ने उनसे 1.51 लाख‎ रुपए मांगे। इस पर परिवादी ने बताया कि‎ वह 1 लाख एक हजार रुपए ही लेकर आया है। इस‎ पर भरत ने विधि के अनुसार 1.51 लाख रुपए जरुरी बताए। इसके बाद प्रार्थी ने 52 हजार रुपए‎ एटीएम से निकाले और 31 हजार का‎ सामान खरीदकर उन्हें दिया।‎ इस दौरान करीब साढ़े तीन लाख प्रार्थी से उन्होंने ले लिए।

पर्दा हटाया तो गिरे मिले 500 रुपए के 250 बंडल

सामान लेने के बाद भरत सभी को 4 किमी दूर पहाड़ी पर एक कमरे में ले गया, जहां वाहिद महाराज लाल रंग की कार लेकर आया। उसने रुपए लेकर लाल रंग के कपड़े में बांध दिए। विधि शुरू करते हुए एक चादर बिछाई। बीच में एक पर्दा लगा दिया। वाहिद के कुछ बोलने के बाद एटीएम की तरह कुछ आवाज शुरू हुई, जो करीब 10 मिनट तक चली। वाहिद ने फिर पर्दा हटाया तो देखा की 500 रुपए के 250 बंडल थे। प्रार्थी ने जैसे ही 2 करोड़ मांगे तो वाहिद ने आनाकानी की और पहले माता का श्रंगार के लिए पैसे मांगे। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

करीब 3 करोड़ मूल्य के नकली नोट बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपी वाहिद और उसके साथी ग्राहक को डेढ़ करोड़ की रकम लेकर दो करोड़ की राशि लौटाने का झांसा देते थे। पुलिस ने कार और मोबाइल के साथ नीरू कटारा के घर और अब्दुल वाहिद के घर से नकली नोट जब्त किए है, जिसका बाजार मूल्य सांकेतिक तौर पर करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपए हैं। पुलिस ने बताया कि नोटों पर चिल्ड्रन बैंक लिखा हुआ था। नीरू कटारा के घर से पूजा पाठ का सामान भी बरामद किया है। आरोपी वाहिद को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया है। वहीं अन्य वारदातों को लेकर भी आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!