बांसवाड़ा में बिक रहा एक्सपायरी डेट का सामान,150 लीटर कोल्ड ड्रिंक समेत 59 लीटर घी नष्ट कराया
‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आनंदपुरी क्षेत्र के कांगलिया गांव के दो प्रतिष्ठानों से सैंपल लेने के साथ में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी माल को मौके पर नष्ट कराया है। जिला कलेक्टर इंद्रजीत यादव के निर्देशन में सीएमएचओ एचएल ताबियार ने कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशीकांत शर्मा और उम्मेदमल टेलर टीम के साथ बुधवार को कांगलिया गांव पहुंचे। जहां पर मैसर्स झिलेश किराना स्टोर में जांच में पाया गया कि 150 लीटर विभिन्न ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स एक्सपायर हो चुकी थीं। वहीं विभिन्न ब्रांड का 52 लीटर घी, नमकीन 10 किलो, मैदा 10 किलो, सूजी 20 किलो, बेसन 20 किलो, चाय पत्ती 10 किलो भी एक्सपायर मिली। इसे मौके पर ही नष्ट कराया। यहां पर अमूल नाम से बिक रहे घी में मिलावट के संदेह पर सैंपल भी लिया गया है।इसी प्रकार श्याम किराना स्टोर में 7 लीटर घी, 20 किलो सूजी मैदा एक्सपायर मिलने पर सभी सामग्री को नष्ट करा दिया है। यहां से खुले में बिक रहे धनिया, जीरा और नमक का सैंपल भी लिया गया है। जिसे लेब में जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद अग्रीम कार्रवाई की जाएगी।
