कल्याणपुर क्षेत्र में बीएसएनल का नेटवर्क 1 माह से ठप, ग्रामीण हो रहे परेशान
कल्याणपुर कस्बे सहित आसपास के गांव भगोर, बामनवाड़ा, जयपुरा, करजी, बिछीवाड़ा, भलून, श्यामपुरा, कटेव तथा ढेलाणा में बीएसएनल का नेटवर्क एक माह से बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नेटवर्क नहीं आने से नए आधार कार्ड बनवाने, आधार कार्ड में संशोधन करने सहित कई सरकारी व गैर सरकारी कार्य नहीं हो पा रहे हैं। राजीव गांधी सेवा केंद्रों पर भी नेटवर्क नहीं आने से सभी कार्य ठप पड़े हैं। आधार सेंटरों पर भारत ब्रॉडबैंड नेटवर्क लिमिटेड का जमीनी केबल कटने से नेट कनेक्टिविटी नहीं मिलने के कारण सभी कार्य ठप हैं। इस कारण कल्याणपुर कस्बे के राजीव गांधी सेवा केंद्र स्थित आधार केंद्र पर भी सभी कार्य बंद हैं, जिससे स्कूलों में छात्रों को आधार कार्ड बनवाने व संशोधन के लिए चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। नेट कनेक्टिविटी नहीं होने से ई-मित्र प्लस मशीन पर वीसी भी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने भारत दूरसंचार जिला सलाहकार समिति के सदस्य पारस जैन से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया तथा समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
