गर्ल्स हॉस्टल बनवाने के लिए 1 करोड़ देंगे अक्षय कुमार,आदिवासी बच्चों के बीच पहुंचे बॉलीवुड स्टार,आरती में शामिल होकर भजन गाया

उदयपुर के राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद को अक्षय कुमार 1 करोड़ रुपए दान देंगे। परिषद का एक पहले से हॉस्टल है, जो अक्षय के पिता ‘हरिओम’ के नाम से परिषद के कैंपस में चल रहा है। इसका नाम ‘हरिओम हॉस्टल’ है। इसमें आदिवासी बच्चे रहते हैं। बुधवार सुबह अचानक अक्षय इस हॉस्टल में पहुंच गए और बच्चों के साथ खूब मस्ती की। यहां की आरती में भी शामिल हुए और भजन गाए।

बच्चों को सरप्राइज देने पहुंचे अक्षय

राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के जनजाति सुरक्षा मंच के प्रदेश संयोजक लालूराम ने बताया- खेरवाड़ा के खोखादरा गांव में परिषद का हॉस्टल है। रोज की तरह बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे यहां आरती होने वाली थी। अचानक कई गाड़ियों का काफिला यहां रुका। सभी चौंक गए। सब सोचने लगे कि इतनी गाड़ियां एक साथ हॉस्टल में कहां से आ गईं। क्यों आईं? अचानक सबकी नजरें गाड़ी से उतरे अक्षय कुमार पर गईं। उन्हें देखकर बच्चों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपने प्रोग्राम के बारे में अक्षय ने किसी को नहीं बताया था। वे बच्चों को सरप्राइज देने आए थे। उन्होंने यहां बच्चों के साथ समय बिताए। बच्चों से परिचय लिया। उनके साथ खूब खेले। इसके बाद उन्होंने बच्चों की कॉपियां देखीं। उनसे सवाल किए। अक्षय ने भी बच्चों के मन की मुराद समझ ली और जमकर सेल्फी ली। बच्चों के संग ग्रुप फोटो भी क्लिक करवाया।

गर्ल्स हॉस्टल के लिए 1 करोड़ दान देने की घोषणा

लालूराम ने बताया- हॉस्टल में अक्षय करीब 15 मिनट रुके। इस दौरान उन्हें मालूम चला कि कुछ देर में आरती शुरू होने वाली है। वो भी रुक गए और ‘ओम जय जगदीश हरे’ गाया। खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने भास्कर को बताया कि अक्षय कुमार सुबह 8:30 बजे पहुंचे थे। उन्होंने इसी क्षेत्र में गर्ल्स हॉस्टल बनाने के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके लिए उन्होंने वनवासी कल्याण परिषद के पदाधिकारियों से कहा कि वह जमीन देखना शुरू करें ताकि हॉस्टल का निर्माण किया जा सके।

अक्षय के पिता के नाम पर है हॉस्टल

प्रदेश संयोजक लालूराम ने कहा- सालभर पहले अक्षय ने यहां वनवासी कल्याण परिषद के छात्रावास और भवन निर्माण में सहयोग किया था। उन्होंने इसके लिए दान दिया था। इसका नाम राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद हरिओम आश्रम छात्रावास है। बुधवार को अक्षय कुमार शूटिंग के बिजी शेड्यूल को छोड़ कर यहां आए और गर्ल्स हॉस्टल के लिए 1 करोड़ दान देने की घोषणा की।

उन्होंने परिषद के पदाधिकारियों से जमीन देखने की बात की है। जल्द ही हॉस्टल निर्माण के लिए कहा। अभी छात्रावास में 25 स्टूडेंट्स रहते हैं। इस दौरान पूर्व विधायक नानालाल अहारी, वनवासी कल्याण परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद जोशी, सामाजिक कार्यकर्ता विमल कोठारी, परिषद के जिलाध्यक्ष कांतिलाल खराड़ी, आश्रम प्रमुख ईश्वरलाल मौजूद रहे।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!