अब राजस्थान में मंदिर तोड़ने की कोई हिम्मत नहीं करेगा : गृहमंत्री शाह बोले- अब एक ही लक्ष्य, ‘अबकी बार मोदी सरकार’

देश के गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत सरकार के समय में यहां की बहनें सुरक्षित नहीं थी। अब राजस्थान में बहनों को कोई आंख उठाकर नहीं देख सकेगा क्योंकि यहां भजनलाल की सरकार है और केंद्र में मोदी सरकार। अब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। शाह बोले अब राजस्थान में मंदिरों को तोड़ने को कोई हिम्मत नहीं करेगा। उन्होंने उदयपुर शहर के बलीचा स्थित कृषि मंडी परिसर में शाह तीन लोकसभा क्षेत्र उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और बांसवाड़ा-डूंगरपुर के भाजपा के संगठनात्मक दृष्टि से 6 जिलों के बूथ स्तर और उसके ऊपर के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित किया।

एक ही लक्ष्य- ‘अबकी बार मोदी सरकार’

शाह ने कहा कि दो बार राजस्थान ने खूब वोट दिए और 25 की 25 सीटें दी है। अब समय है कि हम लाभार्थियों के घर-घर जाएं। आज से चुनाव तक एक ही लक्ष्य पर काम करना है। वह लक्ष्य ‘अबकी बार मोदी सरकार’ होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चुनावी शंखनाद करते हुए भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक संपूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना देखा है और इस सपने को हर हाल में साकार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी के नेतृत्व की सरकार के 10 साल का कार्यकाल भारत उदय का काल रहा है, उत्कृष्ट भारत का काल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण, आर्थिक उन्नयन, सामरिक क्षमता वृद्धि आदि क्षेत्रों में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। विश्व भर में भारत का सम्मान बढ़ा है। प्रारंभ में महाराणा प्रताप, पन्नाधाय, मीराबाई जैसी विभूतियों को याद करते हुए मेवाड़ की धरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि बलिदान की जो गाथा मेवाड़ ने लिखी है उसे पूरा देश नमन करता है।

शाह ने कहा कि हमने धारा 370 हटाई। कश्मीर में हर रोज धमाके होते रहते थे। आज दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हाथ नहीं लगा सकती। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश का विभाजन करने पर तुली है। उनके नेता यह मांग करते हैं कि उत्तर भारत और दक्षिण भारत को बांटना चाहिए।

लोकसभा की हर सीट 5 लाख वोट से ज्यादा जीतेंगे : शर्मा

इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता जिस तरह से मेहनत करता है वो हम जानते है। हमारी सरकार को 2 महीने हुए और हमने संकल्प पूरे करने शुरू कर दिए है। 60 दिन की उपलब्धियां सबके सामने रखी। बजरी, भूमाफिया को हम छोड़ने वाले नहीं है। गैस सिलेंडर 450 रुपए में देना शुरू कर दिया है। जिस दिन से भाजपा सरकार आई है, किसी भी तरह का गैंगवार नहीं हुआ है। आने वाले लोकसभा चुनाव में हर सीट हम 5 लाख वोट से ज्यादा जीतेंगे।

सीएम ने कहा कि प्रदेश में महिला अत्याचारों की रोकथाम के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है। गैंगस्टर पर नकेल कसने के लिए भी विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 35-40 सालों से अटकी ईआरसीपी और तेजावाड़ा से यमुना के पानी की समस्या का समाधान करते हुए जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में विकसित भारत की तर्ज पर विकसित राजस्थान के संकल्प को भी साकार किया जाएगा।

शाह राजस्थान आते हैं तो कांग्रेस नेताओं की नींद उड़ जाती है : जोशी

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने उदयपुर में सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब अमित शाह राजस्थान आते हैं, कांग्रेस नेताओं की नींद उड़ जाती है। उन्हें लगता है कि अब कौन कांग्रेस नेता भाजपा में चला जाएगा। पूर्व मंत्री मालवीय ने भाजपा जॉइन की है, क्योंकि कांग्रेस ने उन्हें राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में नहीं जाने दिया। जोशी ने कहा कि दस साल में केंद की बीजेपी सरकार ने जो मेवाड़- कांठल-वागड़ को दिया वो 60 साल में किसी ने कुछ नहीं दिया। उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया।

मालवीय बोले-कांग्रेस के लोगों को भाजपा में लाउंगा

उदयपुर के प्रबुद्धजन सम्मेलन में एक दिन पहले कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने कहा कि मेरा दखल बांसवाड़ा से सटे मप्र और गुजरात में भी है। मैं वहां जाउंगा और कांग्रेस में काम कर रहे आदिवासी भाइयों-बहनों को भाजपा में लाउंगा।

सभा को केबिनेट मंत्री जब्बरसिंह खर्रा, बाबूलाल खराड़ी, राज्यमंत्री हेमन्त मीणा, गौतम दक, डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद कनकमल कटारा, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, कपासन विधायक अर्जुन जीनगर, महेंद्रजीतसिंह मालवीया आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, गोगुन्दा विधायक प्रताप गमेती, सलूम्बर विधायक अमृतलाल, जिला प्रमुख ममताकुंवर, मेयर गोविन्दसिंह टांक आदि मौजूद थे। खास बात है कि एक दिन पहले कांग्रेस से भाजपा में आए बांसवाड़ा के महेन्द्र जीत सिंह मालवीय भी इस सभा में मौजूद रहे।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!