उदयपुर: ऑनलाइन गेम से कर्ज में डूबा इंजीनियरिंग का छात्र, लूट की नीयत से दोस्त की दादी पर किया जानलेवा हमला, गिरफ्तार
इंजीनियरिंग स्टूडेंट ने कर्जा होने पर अपने ही दोस्त के घर लूट का प्लान बनाया। दोस्त से उसके घर की जानकारी ली और घरवालों के नासिक जाने पर प्लान को अंजाम दिया। घर में घुसकर दोस्त की दादी पर हमला किया। अचानक दादी की बेटी के आने पर धमकाकर भाग गया। सामने आया कि- वारदात से पहले मोबाइल पर गला दबाने की जानकारी सर्च की। मामले में पुलिस ने आरोपी इंजीनियरिंग स्टूडेंट को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला उदयपुर के भूपालपुरा का है। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि 19 साल के आरोपी वर्णिक सिंह पुत्र राजेनछ कुमार सिंह निवासी सुखदेवी नगर सुखेर को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी बुजुर्ग महिला के पोते आयुष का ही दोस्त है और ऑनलाइन सट्टा खेलने का शौकीन है। सट्टे में रुपए हारने पर कर्जा हो गया, जिसे उतारने के लिए लूट की प्लानिंग की थी, जो फेल हो गई। आरोपी के पिता आर्मी में है।
दोस्त से ली उसके घर की जानकारी
आरोपी और उसका दोस्त आयुष चौथी क्लास से साथ पढ़ें है। 12 के बाद आरोपी ने इंजीनियरिंग में एडमिशन ले लिया। वहीं आयुष कॉलेज में फॉर्म भरने वाला था। आयुष के पिता होटल संचालक और रियल स्टेट कारोबारी है। ऐसे में आरोपी को अंदाजा था कि दोस्त के घर नगद रुपए मिलेंगे। वारदात से पहले आरोपी ने दोस्त से बातों-बातों में उसके घर की जानकारी ली। तब उसे पता चला कि दोस्त और उसके घरवाले नासिक गए जा रहे हैं और घर पर उसकी दादी मीरा देवी अकेली है।
जान से मारने की थी कोशिश
आरोपी 27 जनवरी को दोस्त आयुष के घर पहुंचा। उसने मुंह पर मास्क और सिर पर हेलमेट पहना हुआ था। बुजुर्ग दादी का मुंह और गला दबाकर मारने की कोशिश की। चिल्लाने की आवाज सुनकर पास के ही कमरे से उसकी बेटी सीमा दौड़कर आई। आरोपी सीमा को धमकाते हुए फरार हो गया। आयुष ने घटना का पता लगते ही नासिक से अपने आरोपी दोस्त को ही फोन किया था और घर जाकर दादी को संभालने की बात कही थी।
मोबाइल पर गला दबाने की जानकारी की थी सर्च
पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू की। दादी के पोते आयुष से उसके दोस्तों के बारे में जानकारी ली। जिसके बाद पुलिस को वर्णिक पर शक हुआ। पुलिस ने वर्णिक से पूछताछ की तो वह अलग-अलग बातें बताकर पुलिस को गुमराह करने लगा। पुलिस ने उसका मोबाइल भी देखा,जिससे पता चला कि उसने गला दबाने और पुलिस से बचने संबंधी जानकारी सर्च की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
