गुटखा उधार नहीं दिया तो रिश्तेदार बुलाकर पहले मारपीट फिर पथराव कराया , बाप बेटे समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
उधार में गुटखा नहीं दिया तो युवक ने रिश्तेदारों को बुलाकर पहले दुकानदार को पीटा, बाद में पथराव करा दिया। जमकर तोड़फोड़ कर दी गई। मामला थाने पहुंचा तो आरोपी पिता-पुत्र समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला बांसवाड़ा के नबीपुरा इलाके का है।
सीआई विक्रमसिंह ने बताया- नबीपुरा इलाके में किराना की दुकान पर रविवार को शबाना बैठी थी। शबाना पीहर आई हुई थी। इस दौरान भीमपुरा निवासी तंजीम गुटखा लेने आया। उसने शबाना को उधार में गुटखा देने को कहा। शबाना ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए तंजीम ने बहस की और अपनी मां रुखसाना को बुला लाया।
रुखसाना शबाना से गाली-गलौज करने लगी। उसे शबाना और उसके पीहर के लोगों ने रोका तो हाथापाई कर दुकान में घुस चिल्लाने लगी। इसके बाद तंजीम के रिश्तेदार तौहीद, मोहम्मद हुसैन, हसीना, मीनू और अन्य लोगों आए और दुकान पर पथराव कर दिया। अंदर घुसकर सामान तोड़ दिया। शबाना और अन्य को घर में घुसकर जान बचानी पड़ी।
बाद में शबाना पक्ष के लोग पहुंचे तो बीच बचाव किया। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तंजीम, उसके पिता इश्तियाक, हमीर, मुनीर, रफीक मोहम्मद को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। शबाना पत्नी फारुख हुसैन निवासी इंदिरा कॉलोनी की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई। शबाना अपने पीहर नबीपुरा आई हुई थी, जहां यह वारदात हुई।
