ऋषभदेव में मजदूरों की हड़ताल समाप्त, दैनिक मजदूरी बढ़ाने पर बनी सहमति
ऋषभदेव । नगर में पिछले पांच दिन से चल रही मजदूरों की हड़ताल गुरुवार को समाप्त हो गई। राजमल कोठरी, नगर पालिका चेयरमैन मनीष मीणा, पूर्व जिला उपप्रमुख सुंदर भाणावत, नरेंद्र भंडारी की मध्यस्थता में जनवादी मजदूर यूनियन शाखा धुलेव और नियोजकों के मध्य बातचीत की गई और सहमति से मजदूरी की दरें बढ़ाना तय हुआ सहमति के अनुसार कुली, वेलदार, हेल्पर की दैनिक मजदूरी 30 रुपए और कारीगर की मजदूरी 45 रुपए प्रतिदिन बढ़ाने की सहमति हुई। इसी अनुपात में कलर, सेटिंग, भराई, खुदाई, फर्सी फिटिंग नाप के आधार पर काम करने वाले मजदूरों की रेट बढ़ेगी। इस दौरान जनवादी मजदूर यूनियन धुलेव के सचिव ईश्वर लाल, जनवादी मजदूर यूनियन उदयपुर के सचिव जयंती लाल, मजदूर किसान हक संगठन के सचिव शांतिलाल, कुक कम हेल्पर संघर्ष समिति के नाना भगत मौजूद थे।
