स्टाफ बस के ड्राइवर और महिला कर्मचारियों से मारपीट,बाइक सवार 3 बदमाशों की करतूत
सागवाड़ा थाना क्षेत्र में एक रैन वियर कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने पहले बस के ड्राइवर और फिर महिला कर्मचारियों से मारपीट की। इससे महिला कर्मचारियों को चोटें भी आई है। महिलाओं की ओर से इसे लेकर चितरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
चितरी थाना क्षेत्र के गड़ा मेड़तिया गांव के पास देर शाम के समय घटना हुई। पलसाऊ निवासी कल्पेश पुत्र मणिलाल मीणा ने रिपोर्ट देकर बताया की वह जिल रैन वियर कंपनी की बस का ड्राइवर है। वह कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों को लाने ओर ले जाने का काम करता है। मंगलवार शाम के समय के कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारियों को छोड़ने के लिए जा रहा था।
गड़ा मेड़तिया के पास जाते ही बाइक सवार 3 बदमाश आए। उन्होंने बस रोककर पहले उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने बस में बैठी महिला कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने 5 महिलाओं के साथ मारपीट की। इससे उन्हें मामूली चोटें आई। वहीं, विरोध करने पर बदमाशों ने धमकी भी दी। हंगामा बढ़ने पर बदमाश बाइक लेकर भाग गए। वहीं, इस घटना को लेकर चितरी थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले में बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही है।
