सबसे पहले उदयपुर शहर, सबसे अंत में सलूम्बर का आएगा परिणाम

विधानसभा चुनाव के मतों की 3 दिसम्बर को होने वाली मतगणना के दौरान सबसे पहले उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र का परिणाम सामने आएगा, जबकि सलूम्बर का रिजल्ट सबसे अंत में स्पष्ट होगा। सबसे कम 17 राउंड उदयपुर शहर के तो सबसे ज्यादा 25 राउंड सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र होंगे।

मतगणना 3 तारीख को सुबह 8 बजे से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आर्टस् कॉलेज परिसर में शुरू होगी। मतगणना में नियुक्त कार्मिकों को सुबह 6.30 बजे से पूर्व मतगणना स्थल पर हर हाल में उपस्थिति देनी होगी।

कौनसा कार्मिक किस टेबल पर अंतिम समय में तय होगा

मतगणना में लगे कार्मिकों को अंतिम समय से पूर्व पता नहीं लगेगा कि उन्हें कौनसी टेबल पर बैठकर मतगणना करनी है। इसके लिए कार्मिकों का त्रिस्तरीय रेण्डमाइजेशन होना है। इसमें प्रथम रेंडमाइजेशन हो चुका है। द्वितीय रेंडमाइजेशन मतगणना से 24 घंटे पूर्व पर्यवेक्षक एवं रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में आयोग के निर्धारित साफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा। वहीं तृतीय रेंडमाइजेशन मतगणना दिवस पर सुबह 5 बजे संबंधित आरओ के द्वारा किया जाएगा। इसके बाद ही कार्मिकों को गणना के लिए टेबल आवंटित होगी।

राउण्डवार परिणामों की होगी घोषणा

मतगणना स्थल पर परिणामों की घोषणा के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। इसमें राउण्डवार परिणामों की घोषणा की जाएगी। सामान्य व्यवस्था प्रकोष्ठ को इसके लिए माइक-पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने तथा प्रभारी अधिकारी मीडिया प्रकोष्ठ को स्टाफ नियोजित कर परिणाम की घोषणा की व्यवस्था के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा मतगणना स्थल पर कमरा नंबर 10 (पुस्तकालय) में मीडिया सेल भी स्थापित की जाएगी

2 से 5 दिसम्बर तक लागू रहेगी धारा 144

जिला मजिस्ट्रेट अरविंद पोसवाल ने दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले में विधानसभा आम चुनाव 2023 के तहत 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना के दृष्टिगत मतगणना के दौरान व पश्चात जिले में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निषेधाज्ञा जारी की है, यह 2 दिसम्बर से 5 दिसम्बर 2023 तक प्रभावी रहेगी।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!