उदयपुर की 8 विधानसभा में 73 कैंडिडेट्स मैदान में
उदयपुर जिले की 8 विधानसभा सीट से 73 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें उदयपुर शहर विधानसभा में सर्वाधिक 11 प्रत्याशी मैदान में है। विधानसभा आम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया गुरूवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी करने तथा चुनाव चिन्ह आवंटित करने के साथ पूर्ण हुई। नाम वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस ने उदयपुर शहर व झाड़ोल में नाम वापसी करवा दी। मावली व सलूंबर में भाजपा के बागी मैदान में डटे हैं।
विधानसभा क्षेत्र गोगुन्दा में निर्दलीय प्रत्याशी चुन्नीलाल भील, झाड़ोल में निर्दलीय मोहनलाल, राम सिंह गरासिया व सुनील कुमार, खेरवाड़ा में निर्दलीय ज्योति, उदयपुर शहर में पहचान पीपुल्स पार्टी के मोहम्मद वाहिद खान, निर्दलीय गुणवन्ती जोशी, भावेश जैन और मदनलाल चौबीसा तथा विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर में निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र ने अपना नामांकन वापस लिया। इससे पूर्व बुधवार को गोगुन्दा में पप्पूलाल भील एवं वल्लभनगर में डाली डांगी ने अपना नाम निर्देशन पत्र वापस लिया था।
