वल्लभनगर में एडीजे न्यायालय को खोलने की मांग, सौंपा ज्ञापन वल्लभनगर बार अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन, नारेबाजी करते हुए न्यायिक कार्यों का किया बहिष्कार
जल्द ही मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ को भी देंगे ज्ञापन, कोर्ट खोलने की करेंगे मांग
भींडर । वल्लभनगर में एडीजे न्यायालय, एन.आई कोर्ट एवं भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी न्यायालय का केम्प कोर्ट खोलने को लेकर बार एसोसिएशन वल्लभनगर द्वारा धरना प्रदर्शन, नारेबाजी कर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड कार्यालय में रोशन लाल को ज्ञापन सौंपा गया और न्यायिक कार्यों का बहिष्कार किया गया। साथ ही सभी अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। ज्ञापन में बताया कि वल्लभनगर में उपखण्ड न्यायालय वर्ष 1952 से संचालित है, तथा वर्ष 1986 से सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय एवं इसके बाद कमोन्नत होकर वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय तथा तहसील कार्यालय वर्ष 1952 से संचालित है। इसके अलावा उपखण्ड वल्लभनगर के अधिन पहले धरियावद, लसाडिया, मावली एवं वल्लभनगर तहसील क्षेत्र के समस्त राजस्व मामलो की सुनवाई होती थी लेकिन धरियावद, भीण्डर, मावली में उपखण्ड कार्यालय खुल गये जिसके बाद सुनवाई हो रही है। इस प्रकार वल्लभनगर विधानसभा की सबसे पुराना उपखण्ड मुख्यालय होकर यहां के लोग न्याय के लिए उदयपुर जाना आना पड रहा है जब कि यह क्षेत्र टी.एस.पी. एरिया के ज्यादातर मामले होकर इस क्षेत्र के लोग अत्यन्त गरीब है ओर न्याय के लिए उदयपुर जाने मे समर्थ नही है ऐसे में न्याय प्राप्ति के लिए वल्लभनगर में भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी का केम्प कोर्ट, एडीजे न्यायालय एवं एन.आई. कोर्ट खोलने से पक्षकारों के साथ न्याय होगा एवं पक्षकारों को त्वरित न्याय मिल सकेगा। अभी वर्तमान में यह न्यायालय जिला स्तर पर होकर वहां उदयपुर जिले के प्रकरण होने से प्रकरणों में सुनवाई के लिए लम्बी लम्बी तारिख पर तारिख मिल रही है ओर पक्षकारों को न्याय समय पर नही मिल पा रहा है। जिससे अधिवक्ताओं ने वल्लभनगर में एडीजे कोर्ट, एन.आई. कोर्ट एवं भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी का केम्प कोर्ट खोलने की स्वीकृति की मांग की है।
मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ को भी देंगे ज्ञापन
न्यायालय परिसर में सभी अधिवक्ताओं ने धरना प्रदर्शन के दौरान यह भी तय किया कि आगामी दिनों में एक ज्ञापन मंडफिया स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ को देकर राज्य सरकार से एडीजे कोर्ट, एन.आई. कोर्ट एवं भू प्रबन्ध अधिकारी एवं पदेन राजस्व अपील अधिकारी का केम्प कोर्ट खोलने की मांग करेंगे। अधिवक्ताओं का कहना है कि पुरुषार्थ के साथ भगवान से मांग भी जरूरी है। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश चंद्र सांगावत, उपाध्यक्ष अनूप पुजारी, महासचिव बाबुलाल डांगी, डालचंद पोखरना, ललित जैन, दुर्गेश मेनारिया, पूर्व अध्यक्ष धनराज डांगी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश मेनारिया, रमेश चंद्र बड़ाला, शरीफ मोहम्मद, मकबूल अहमद, गजेंद्र ओस्तवाल, कोषाध्यक्ष योगेंद्र माली, लाइब्रेरी सचिव सुरेश चंद्र मेनारिया, सचिव कैलाश मेघवाल, लेहरीलाल डांगी, शांतिलाल डांगी, चंद्रप्रकाश मेघवाल, भेरूलाल रावत, भगवानलाल मेनारिया, सहित अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।
