शारीरिक शिक्षा केडर के उच्च पदों पर जमे सामान्य शिक्षा के अधिकारियों को हटाया जाए
पदोन्नति होने तक शारीरिक शिक्षा के वरिष्ठ साथियों को इन पदों पर प्रतिनियुक्त किया जाए
बाँसड़ा,कन्हैयालाल मेनारिया । शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री भैरू सिंह राठौड़ प्रदेश संगठन मंत्री लक्ष्मण दास वैष्णव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग की है की शारीरिक शिक्षा केडर पर वर्षों से जमे हुए सामान्य शिक्षा के कर्मचारी व अधिकारियों को हटाया जाए। शारीरिक शिक्षा का केडर बनने के बाद आज दिन तक हमारे उच्च पदों पर सामान्य शिक्षा के लोग ही जमे हुए हैं। ऐसे लोग खेलकूद के तकनीकी रूप से जानकार नहीं होने के कारण खेलकूद कलैंडर व्यावहारिक नहीं बनाया जाता है और ना ही शारीरिक शिक्षा केडर की ज्वलंत समस्याओं को सरकार तक रख पाते हैं। सामान्य शिक्षा के अधिकारी केवल मात्र मुख्यालय पर जमे रहना चाहते हैं। हमारे कैडर के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता रहा है । सामान्य शिक्षा के अधिकारियों ने खेलों से संबंधित योजना बनाकर राज्य सरकार तक प्रेषित नहीं की और नाही खेलों को बढ़ावा देने के लिए कुछ नया किया। संघ की सरकार से मांग है कि इन सामान्य शिक्षा के अधिकारियों को तुरंत हटाया जाए एवं पदोन्नति होने तक हमारे कैडर के वरिष्ठ साथियों को प्रतिनियुक्त किया जाए । हमारी जायज व उचित मांग को पूरा किया जाए अन्यथा इन सामान्य शिक्षा के अधिकारियों को हटाने के लिए संघ आंदोलन करेगा।
ज्ञापन भेजने में प्रदेश संरक्षक हीरालाल सुथार, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपा झाला, जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला , बाबूलाल रावत विजय मेनारिया , घनश्याम मेघवाल आदि कई शारीरिक शिक्षक पदाधिकारी थे । यह जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने दी।
