धमानिया में सामाजिक अंकेक्षण को लेकर ग्राम सभा का आयोजन
बाँसड़ा,कन्हैया लाल मेनारिया । ग्राम पंचायत धमानिया में माह नरेगा योजना एवं अन्य योजनाओं के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर सरपंच शांता देवी डाँगी की अध्यक्षता में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस दरम्यान पंचायत में नरेगा योजनांतर्गत विगत दो साल तक की अवधि में किये गये कार्यो का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। वल्लभनगर पंचायत समिति स्तरीय अंकेक्षण में सहायक विकास अधिकारी दौलत सिंह के सानिध्य में अंकेक्षण टीम द्वारा उक्त अवधि में किये गए 24 कार्यों का निरीक्षण किया जाकर अंकेक्षण का ब्यौरा ग्राम सभा में प्रस्तुत किया गया। ग्राम सभा एवं अंकेक्षण दल द्वारा उक्त कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना का भी सत्यापन किया गया। ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण सिंह चौहान द्वारा विभिन्न योजनाओं व अभियान के बारे में जानकारी प्रदान की गई। निर्माण कार्यो के प्रस्ताव भी लिए गये। ग्राम सभा में मांगी लाल डाँगी, वरदी चंद डाँगी, वार्ड पंच देवेन्द्र कुमार माली, गोपी लाल मेघवाल, बेनी बाई, मुकेश डाँगी एवं अंकेक्षण दल के सदस्य सहित ग्रामीण मौजूद थे।
