हथियार जैसी दिखने वाली एयर गन लेकर धान मंडी थाना क्षेत्र स्थित दुकान पर घी लेने आया बालक डिटेन
उदयपुर । सोमवार को थाना धान मंडी क्षेत्र स्थित दुकान में एयर गन लेकर घी लेने आए एक बालक को थाना पुलिस ने डिटेन कर लिया। व्यापारी में दहशत के मारे बालक के विरुद्ध थाना धान मंडी में एक रिपोर्ट दी थी। दरअसल व्यापारी की दुकान कन्हैया लाल की दुकान से कुछ दूरी पर ही है और उसे डर था कि बालक हथियार लेकर उसकी हत्या करने आया था।
उदयपुर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि थाना धान मंडी क्षेत्र के एक व्यापारी ने सोमवार को थाना धान मंडी में एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार शाम 7:00 बजे वह दुकान के ऊपर अपने कमरे में सो रहा था। नीचे दुकान में उसके दो भतीजे बैठे थे। जिन्होंने उसे बताया कि एक लड़का 100 रुपये का घी लेकर गया और उसका दूसरा साथी बाहर खड़ा था। अंदर आए लड़के ने अपनी पेंट की जेब से हथियार जैसी चीज निकाल अपने थैले में रख ली। दुकान की सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम है, दुकान में आया लड़का उसकी हत्या करना चाहता था। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया जा कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गम्भीरता को देख एसपी शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ठाकुर चंद्रशील व सीओ तपेंद्र मीणा के सुपरविजन एवं थानाधिकारी गोपाल चंदेल के नेतृत्व में टीम का गठन किया। गठित टीम ने आसूचना व तकनीकी सहयोग से मात्र 14 घंटे के अंदर मंगलवार को नलवाया चौक से हुलिये के अनुसार एक बालक को डिटेन किया।
पूछताछ में सामने आया कि डिटेन किया गया बालक अहमदाबाद का रहने वाला है। अपनी मां-बहन के साथ राखी पर काकरोली आया हुआ था। वहां से 14 अगस्त को अपने मौसा के यहां धान मंडी आया। 15 अगस्त को अपने मौसेरे 14 वर्षीय भाई के साथ घी लेने डेयरी पर गया। उसकी मौसी का लड़का अक्सर इसी दुकान से 1 किलो घी लेता था, पर आज ₹100 का घी लेने की वजह से अहमदाबाद से आए अपने मौसेरे भाई को अंदर भेज दिया और खुद बाहर खड़ा हो गया।
डिटेन किया बालक एक एयर गन अहमदाबाद से अपने दोस्त से मांग कर फोटो खींचने के लिए साथ लाया था। दुकान में घी खरीदते समय पैंट की जेब में रखी एयरगन चुभने के कारण उसे निकालकर थैले में रख लिया। गलतफहमी में व्यापारी ने रिपोर्ट पेश कर दी। दोनों बालकों को पुलिस ने मौसा के साथ रवाना कर एयरगन जब्त कर ली है।
