राजस्थान में लगातार हो रही बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त, 24 घंटे में 16 मौतें
राजस्थान,डीपी न्यूज नेटवर्क ।
राजस्थान में लगातार हो रही बरसात से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटे में 16 लोगों की जान चली गई है। अधिकतर इलाके टापू में तब्दील हो गए हैं। सड़कों पर भरे पानी में मगरमच्छ तैर रहे हैं। कई गाड़ियां बह गईं। लोगों को आने-जाने के लिए ट्रैक्टर और जेसीबी का सहारा लेना पड़ रहा है।
उधर, पाली, नागौर और अजमेर जिलों में आज (मंगलवार) अतिभारी और 10 अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जयपुर शहर में कल (सोमवार) शाम 6 बजे से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर सोमवार सुबह तक जारी है। जयपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में भी झड़ी लगी हुई है।
सोमवार देर रात करीब 12 बजे राजसमंद के कांकरोली में बारिश के चलते दो मंजिला मकान गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सीकर में भी रातभर रुक-रुककर बारिश हुई है। कोटा में कल (14 जुलाई) चंबल में बहे 6 लोगों में से 3 के शव मिल गए हैं। यहां कैथून कस्बे में देर रात ट्रैक्टर समेत एक ड्राइवर बह गया।
बारिश के बीच डूबने, बिजली गिरने, बिल्डिंग गिरने और करंट लगने से राजसमंद में 1, चित्तौड़गढ़ में 4, प्रतापगढ़ में 3, चूरू में 2, कोटा में 4, भरतपुर में 1 और पाली में 1 यानी कुल 16 मौत हुई है।
