RNT मेडिकल कॉलेज में करंट से हुई डॉक्टर की मौत के मामले बीते 11 दिन से जारी रेजिडेंट्स डॉक्टर की हड़ताल खत्म,जयपुर में सरकार स्तर पर मीटिंग के बाद हुआ निर्णय

उदयपुर,(डीपी न्यूज) । RNT मेडिकल कॉलेज में करंट लगने से हुई मौत के मामले में बीते 11 दिन से जारी रेजिडेंट्स डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। रविवार रात 8 बजे से रेजिडेंट्स इमरजेंसी सेवा में लौट आए हैं। बाकी सारे विभागों में सेवाए सुबह 8 बजे से बहाल हो जाएगी। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। जयपुर में राज्य सरकार और रेजिडेंट्स यूनियन प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बताया जा रहा है कि सरकार ने रेजिडेंट्स की मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है। साथ ही ड्यूटी पर लौटने को कहा है। इसके बाद ही रेजिडेंट्स ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।

जानकारी अनुसार कॉलेज के पीजी हॉस्टल की चौथी मंजिल पर 18 जून की रात को डॉ रवि शर्मा की करंट लगने से मौत हो गई थी। जिसके बाद रेजिडेंट्स हड़ताल पर चले गए थे। डॉ रवि शर्मा रात करीब डेढ़ बजे पानी पीने के लिए उठे थे। तभी उन्हें करंट लगा था। उनके चिल्लाने पर पास के कमरे से रेजिडेंट ने उन्हें संभाला और सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की लेकिन उन्हें होश नहीं आया। इसके बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रेजिडेंट्स बुरी तरह बिफर गए थे। उन्होंने हॉस्टल में अव्यवस्थाओं को लेकर मोर्चा खोल दिया। इधर, उनकी हड़ताल से रोज मरीज परेशान हो रहे थे। कई ऑपरेशन टाले जा रहे थे। खासकर लेबर रूम, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर में सबसे ज्यादा स्थिति बिगड़ रही थी।

प्रदेश में सेवारत चिकित्सक संघ का भी हड़ताल को समर्थन मिला। उन्होंने दो-दो घंटे काम नहीं किया। इससे गांव-तहसीलों में सीएचसी और पीएचसी पर इलाज प्रभावित होने लगा था। इसके अलावा हड़ताल को जोधपुर, अजमेर, कोटा और जयपुर आदि रेजिडेंट एसोसिएशन का समर्थन मिला था।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!