बांसवाड़ा में घर में घुसकर 12 साल की बच्ची का गला काटा,नाक-कान के गहने ले गए लुटेरे
बांसवाड़ा,डीपी न्यूज नेटवर्क । बांसवाड़ा में घर में घुसे लुटेरों ने 12 साल की लड़की का गला काटकर हत्या कर दी। लुटेरों ने पूरा घर खंगाला, लेकिन उनको कुछ भी नहीं मिला। इसके बाद लुटेरे लड़की के नाक-कान में पहने गहने लेकर फरार हो गए। परिजन खेत से लौटकर आए तो लड़की का शव रसोई में खून से लथपथ मिला। बेटी का शव देखकर मां बेसुध हो गई और घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाए। मामला लोहारिया थाना इलाके के पालोदा कस्बे का है।
जानकारी के अनुसार, लालजी पाटीदार का अपनी पत्नी और 2 बेटियों और 1 बेटे के साथ रविवार सुबह 5 बजे खेत पर गए थे। इस दौरान उनकी बेटी जाह्नवी (12) घर पर अकेली थी। सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच कुछ लुटेरे घर में घुसे और लड़की की गला काटकर हत्या कर दी।
लुटेरों ने पूरा घर खंगाला, लेकिन घर में कुछ नहीं मिला। इसके बाद लुटेरे लड़की के नाक-कान में पहने गहने लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। DSP सुदर्शन पालीवाल भी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ ही परिजनों से बात की। पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से डॉग स्क्वॉड भी बुलाया है।
लड़की की बड़ी बहन कृष्णा पाटीदार ने बताया- सुबह घर के सभी लोग सुबह खेत पर गए थे। मेरा छोटा भाई (5) और चौथी क्लास में पढ़ने वाली छोटी बहन जाह्नवी (12) घर पर थे। मां सुबह 7 बजे खेत से घर लौटकर आई और खाना बनाकर वापस खेत पर आ गई।
कृष्णा ने बताया- आते समय छोटा भाई रोने लगा तो मां उसे साथ लेकर आ गई। जाह्नवी घर पर अकेली थी। सुबह 10.30 बजे हम घर लौटे तो जाह्नवी को आवाज दी, लेकिन उसका जवाब नहीं आया। रसोई में जाकर देखा तो फर्श पर खून से लथपथ हालत में उसका शव पड़ा था। उसके कान और नाक के गहने गायब थे।
बड़ी बहन ने बताया- ऊपर के कमरे में जाकर देखा तो वहां बक्सा खुला पड़ा था। घर से कोई अन्य सामान चोरी नहीं हुआ। जाह्नवी को खून से लथपथ हालत में देखकर मां बेसुध हो गई।
परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना के विरोध में लोगों ने नाराजगी जताई और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव नहीं उठाने दिया। उन्होंने मौके पर ही पोस्टमॉर्टम करवाने और हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
