करोड़पति बनने के लिए दुकान से चोरी किया 50 किलो चांदी और 20 तोला सोना,हिस्ट्रीशीटर सहित 3 गिरफ़्तार,वारदात से पूर्व की कई बार रेकी

उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर के कानोड़ थाना क्षेत्र में इलेक्ट्रिकल दुकान में तीन दिन पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 48 किलो चांदी बरामद की है। एसपी योगेश गोयल ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर बदमाश कालुलाल भोई करोड़पति बनने और व्यवसाय की नियत से करीब 1 साल से अनुपम इलेक्ट्रिकल दुकान की लगातार रैकी कर रहा था। कालुलाल ने शातिर बदमाश लक्ष्मण मीणा निवासी डुमातालाब से दोस्त कर उसे और उसकी गैंग के किशनलाल मीणा और लालुराम मीणा को हिस्सेदार बनाया। फिर 16 मार्च की रात करीब 3:15 बजे वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने घटना स्थल से दूर अपनी बाइक पार्क की। फिर दुकान के शटर को लोहे की रोड सहित अन्य उपकरण से तोड़ा। फिर दुकान में घुसकर 50 किलो चांदी और 20 तोला सोना लेकर फरार हो गए।

आरोपियों ने चांदी के जेवरातों का बंटवारा किया और उन्हें खेत पर कटी हुई फसल और जमीन में गाढ़ दिए। वहीं, आरोपी कालुलाल भोई ने अपने हिस्से के जेवरात 100 फीट गहरे कुएं में फेंक दिए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छिपाए गए जेवरात जब्त किए। कुएं में पानी था। ऐसे में गोताखोर की मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत से जेवरात बरामद किए गए। मामले में एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

इनमें आरोपी लक्ष्मणलाल शातिर प्रवृति का है। जिसने 007 गैंग का सदस्य होने से खुद की छाती पर 007 गैंग नाम का लोगो टेटू के रूप में गुदवाया हुआ है। इसके अलावा पूरे शरीर पर धारा 302 मर्डर, एक जान 100 दुश्मन जैसे अलग-अलग टेटू गुदवा रखे हैं।

घटना 16 मार्च की रात की है। प्रार्थी लक्ष्मीलाल पिता माधवलाल मेहता ने थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि वह रोज की तरह शाम 7 बजे ताला लगाकर अपने घर गया था। सुबह पडोसी कार्तिक ने सूचना दी कि आपकी दुकान का शटर खुला हुआ है। मैं तुरंत दुकान पहुंचा तो देखा कि चोर 150 किलो चांदी और 20 तोला सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। इधर, घटना के बाद पुलिस ने आसपास और उससे जुड़े मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसके बाद आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि परिवादी ने 150 किलो चांदी और 20 तोला सोना चोरी होना बताया था लेकिन बाद में उसे अपनी दुकान में 100 किलो चांदी और सोना मिल गया था।

2
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!