होली-जुमा पर 4 राज्यों में हिंसा, एक ASI की मौत : बंगाल के बीरभूम में नेटबंदी; बिहार-झारखंड और पंजाब में दो गुटों में पथराव
होली और जुमा पर शुक्रवार को 4 राज्यों में हिंसक घटनाएं हुईं। बिहार के मुंगेर में ग्रामीणों के हमले में एक ASI की मौत हो गई। पटना में दो गुटों में होलिका दहन का विवाद होली के दिन पथराव तक पहुंच गया। पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। यहां फायरिंग की भी खबर है।
झारखंड के गिरिडीह में होली के दिन दो गुटों में पथराव के बाद उपद्रवियों ने दुकानों और बाइक में आग लगा दी। विवाद किस बात को लेकर था, यह साफ नहीं हो पाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पंजाब के लुधियाना में दो समुदायों के बीच ईंट-पत्थर और बोतलें चलीं। झड़प में 11 लोग घायल हुए हैं। विशेष समुदाय के लोगों का कहना है कि नमाज अदा करते वक्त पथराव किया गया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि पहले मस्जिद की तरफ ईंट फेंकी गई। कई वाहनों में भी तोड़फोड़ हुई है।
पश्चिम बंगाल में भी हिंसा हुई है। भाजपा ने नंदीग्राम में मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया है। भाजपा IT सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी तस्वीरें पोस्ट की हैं। मालवीय ने आरोप लगाया कि बरुईपुर, जादवपुर और मुर्शिदाबाद समेत पूरे प्रदेश में इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं।

बंगाल के ही बीरभूम में 17 मार्च तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह कदम अफवाहों को रोकने के लिए उठाया गया है। जिले में पत्थरबाजी की घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात की गई है।
अब चारों राज्यों में हुई घटना विस्तार से पढ़े…
1. बिहार के मुंगेर में विवाद सुलझाने गए ASI पर हमला, इलाज के दौरान मौत
मुंगेर में शुक्रवार को ASI संतोष कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शराब पीकर हंगामे की सूचना पर वे अपनी टीम के साथ ITC नंदलालपुर गांव गए थे। उनके सिर पर लोहे की रॉड से कई बार किए गए। डॉक्टर ने बताया- ‘सिर में 8 शार्प इंजरी के निशान मिले हैं। खोपड़ी की हड्डी तक टूट चुकी थी।’ हमले के बाद संतोष कुमार को 20 फीट तक घसीटा गया था।
ASI संतोष कुमार, प्रदीप कुमार की शिकायत पर गांव में पहुंचे थे। प्रदीप ने बताया- ‘हम सब घर में होली खेल रहे थे। रणवीर यादव शराब पीकर गाली दे रहा था। मैंने चौकीदार से शिकायत की। कहा- अधिकारियों को बताइए ,इसे लेकर जाएंगे। थोड़ी देर में मेरा बेटा आया उसके सिर में चोट थी। रणवीर यादव ने हमला किया था।’
‘मेरी मां को भी मारा था। इसके बाद मैं पुलिस थाने गया। पुलिस गांव में आई। संतोष कुमार के साथ एक ड्राइवर और एक और पुलिस वाला था। उन्होंने कहा आप घर में ही रहिए हम समझा देंगे। थोड़ी देर बाद संतोष कुमार को मारकर उन्होंने मेरे दरवाजे पर रख दिया।’
2. बिहार के पटना में दो गुटों में पथराव, पुलिस को खदेड़ा, वाहनों में तोड़फोड़ की
पटना के एनटीपीसी थाना क्षेत्र के सहनौरा गांव में होलिका दहन को लेकर दो पक्षों में शुक्रवार को झड़प हो गई। एक पक्ष के ग्रामीण ने सड़क पर होलिका दहन किया, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। रात से ही दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। आज दोपहर करीब 1 बजे स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी आक्रोशित लोगों ने खदेड़ दिया। पुलिस की गाड़ी पर भी पत्थर फेंके गए। स्थानीय सरपंच कन्हैया कुमार के अनुसार, कुछ शराबी असामाजिक तत्वों ने यह घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में फायरिंग भी हुई। दोनों पक्षों से दर्जनों लोग घायल हुए हैं और एक गाड़ी का शीशा टूट गया है।
3. झारखंड के गिरिडीह में दाे गुटों के बीच पत्थरबाजी, वाहनों-दुकानों में आगजनी
झारखंड के गिरिडीह जिले के घोड़थम्भा में बीती रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। होली के मौके पर हुए इस टकराव के दौरान दो पक्षों के बीच जम कर पत्थरबाजी हुई। इस दौरान न केवल पथराव हुए बल्कि कई दुकानों में आग भी लगा दी गई। दुकानों में आग लगाने के साथ-साथ एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया है। दो पक्ष के लोग आप में क्यों भिड़े, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि अभी स्थिति नियंत्रित है। लोगों के आपस में उलझने की जानकारी मिलते ही सबसे पहले SDPO राजेंद्र प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति नियंत्रण में नहीं आई। इसके बाद SP डॉ. विमल कुमार को सूचना दी गई। जिला मुख्यालय से पुलिस बल के साथ एसपी भी मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ते रहे। जब SP विमल कुमार के सामने लोग आपस में उलझते रहे तब स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया। दुकानों और वाहनों में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की टीम को बुलाया गया। देर रात स्थिति सामान्य हो सकी। इसके बाद पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिले के अन्य थानों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
4. पंजाब के लुधियाना में 2 पक्ष भिड़े, एक-दूसरे पर पथराव किया, मस्जिद के शीशे भी टूटे, 35 पर FIR
पंजाब के लुधियाना की मियां मार्केट में होली और जुमे के दिन 2 पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर और बोतलें चली। झड़प में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर पुलिस के सीनियर अधिकारी पहुंचे गए हैं। CIA समेत कई थानों की पुलिस घटना स्थल पर मौजूद है। विशेष समुदाय के लोगों का कहना है कि नमाज अदा करते वक्त कुछ शरारती लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि मस्जिद की तरफ पहले ईंट फेंकी गई।
