उदयपुर के जंगल में तीन दिन से लग रही आग : आबादी क्षेत्रों तक पहुंची आग,घरों को खाली करवाया ;सज्जनगढ़ सेंचुरी और बायोलॉजिकल पार्क में पर्यटकों की एंट्री बंद
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । उदयपुर के सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में पिछले 3 तीन से लगी आग ने गुरुवार सुबह विकराल रूप धारण कर लिया। हवा तेज चलने के कारण आग 7 हेक्टेयर क्षेत्र में फैल गई। आग फैलने की सूचना के बाद उदयपुर से दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची। कई फेरे करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस के, वन विभाग और दमकल कर्मचारी मौके पर डटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, जहां आग लगी उससे लगता हुआ आबादी क्षेत्र है। प्रशासन ने 6 घरों को खाली कराया है और उन घरों से गैस सिलेंडर को बाहर निकलवाया है। आग की सूचना के बाद लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई है। । प्रशासन ने मवेशियों को भी बाहर निकालने की अपील की है।
आग को देखते हुए अभयारण्य और बायोलॉजिकल पार्क दोनों में टूरिस्ट का प्रवेश बंद कर दिया गया है। सज्ज्नगढ़ सेंचुरी में लगी आग की लपटें सज्जनगढ़ बायो पार्क तक पहुंच गई है। आग को अंदर की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। यहां आग को पार्क की तरफ बढ़ने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

डीएफओ सुनील सिंह ने बताया- सुबह 10 बजे के करीब आग लगने की सूचना मिली। उस समय मानसून पैलेस और बायोलॉजिकल पार्क में लगभग 50 पर्यटक मौजूद थे। सुरक्षा को देखते हुए सबसे पहले टिकट खिड़की को बंद करवाया गया। इसके बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला और पार्क की एंट्री बंद कर दी गई।
उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता, एसपी योगेश गोयल और DFO अजय चित्तौड़ा मौके पर मौजूद हैं। धुआं पहाड़ी इलाके से सड़क तक पहुंचने लगा है। अधिकारी मास्क लगाए नजर आ रहे हैं। कलेक्टर नमित मेहता ने बताया- 2 दिन से आग को कंट्रोल कर लिया गया था। सुबह तेज हवा की वजह से आग फैलती गई।
