उदयपुर के सिटी पैलेस में रशियन लेडी टूरिस्ट से छेड़छाड़ का आरोप इंडियन यूट्यूबर पति ने कहा – पत्नी पर भद्दे कमेंट किए; सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उठाई आवाज
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । एक भारतीय यूट्यूबर मिथिलेश बेकपेकर ने सोशल मीडिया के जरिए आरोप लगाए हैं कि उदयपुर विजिट के दौरान उसकी पत्नी पर भद्दे कमेंट किए गए। यूट्यूबर की पत्नी रशियन है। घटना उदयपुर के सिटी पैलेस में हुई। यूट्यूबर ने बताया कि इस दौरान एक युवक ने पत्नी पर भद्दे कमेंट किए। यूट्यूबर मिथिलेश बेकपेकर ने घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो में बताया- मैं ट्रेवलर ब्लॉगर हूं और 6 दिन पहले उदयपुर के सिटी पैलेस घूमने गया था।
सिटी पैलेस में अपने कैमरे से पत्नी का वीडियो बना रहा था। तभी किसी युवक ने पीछे से “6000 आईएनआर” कमेंट किया। इसके बाद मैंने कैमरा पत्नी से हटाकर उस युवक की तरफ कर दिया। उस युवक से मेरी बहस हो गई। मैंने उसे उसकी बदतमीजी के लिए पुलिस बुलाने की धमकी दी। उस वक्त मामला गर्मा गया और सिटी पैलेस की सिक्योरिटी ने समझाइश कर माहौल शांत कराया।
मिथिलेश का कहना है- रशियन महिलाओं को लेकर इंडिया में सोशल मीडिया पर बहुत भद्दे और गंदे मीम बनते हैं। इसी तरह का कमेंट मेरी पत्नी को लेकर किया गया। हालांकि इस संबंध में जब घंटाघर थाना पुलिस से बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है।
यूट्यूबर मिथिलेश के यूट्यूब पर 10.8 लाख सब्सक्राइबर हैं। वे इंडिया में अंडमान निकोबार, मनाली, लक्षदीप, दिल्ली, मुंबई और गोवा घूमने के बाद उदयपुर पहुंचे थे। उन्होंने इस घटना के बाद अपना एक वीडियो खुद के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया । बताया कि विवाद के दौरान वहां कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी मेरा साथ नहीं दिया। मिथिलेश ने वीडियो के जरिए पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है।
