ओवरटेक की होड़ में हादसा : पत्थरों से भरे ट्रेलर भिड़े, 250मीटर तक बिखरे पत्थरों से टकराकर कर कार पलटी,5 घायल, 1गंभीर

सलूंबर,डीपी न्यूज़ नेटवर्क । उदयपुर-जयसमंद-बांसवाड़ा स्टेट मेगा हाईवे पर बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे ओवरटेक के प्रयास में पत्थरों से भरे दो ट्रेलर साइड से भिड़ गए। हादसे में कार चपेट में आ गई, जिससे पांच जने घायल हो गए। एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सलूंबर क्षेत्र से सफेद पत्थरों से भरे दो ट्रेलर उदयपुर की तरफ जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे बड़ा बाग पेट्रोल पंप के समीप ओवरटेक के प्रयास में दोनों ट्रेलर साइड से भिड़ गए। एक ट्रेलर का साइड का लोहे का हिस्सा टूट गया, जिससे करीब ढाई सौ मीटर तक सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर बिखर गए।

इसी दौरान सलूंबर से उदयपुर की तरफ जा रही कार पत्थरों से टकरा कर मार्ग के बीचोंबीच पलट गई। हादसे में डायली (सराड़ा) निवासी चालक सुनील मीणा सहित पांच जने कार में फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर समाजसेवी जवाहरलाल मीणा व रतनलाल मीणा सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

इधर, पत्थर बिखरने से दो-तीन बाइक सवार सहित छोटे वाहन हादसे का शिकार होते-होते बच गए। लोगों ने मार्ग के दोनों तरफ से वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन लूटपाट के भय से वाहन चालक भयभीत होकर किसी ने वाहन नहीं रोके। इससे पत्थरों से टकराने से बाल-बाल बचे। सूचना पर हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल शैतान सिंह व महेंद्र सिंह सहित हाईवे मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंची। समाजसेवी जवाहरलाल मीणा व पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवा कर करीब एक घंटे तक सड़क पर बिखरे पत्थरों को हटवाया, जिससे करीब एक-डेढ़ घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। जाम में फंसने से रोडवेज व निजी बसों में सवार यात्रियों सहित अन्य वाहन चालकों को परेशानी हुई। हादसे के बाद एक ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार कार में सवार एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। रात करीब ग्यारह बजे पुलिस ने मार्ग को सुचारू करवाया। हालांकि उक्त हादसे को लेकर किसी प्रकार का प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। ग्रामीणों की सजगता से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। ट्रेलर में भरे पत्थर अवैध होने की संभावना जताई जा रही है।

1
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!