जयपुर LPG टैंकर ब्लास्ट में मृतकों की संख्या 18 हुई,ब्लास्ट में घायल 3 लोगों ने दम तोड़ा;15 लोग गंभीर हालत में हॉस्पिटल में एडमिट
डीपी न्यूज नेटवर्क । जयपुर LPG टैंकर ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसी युवती सहित 3 और लोगों ने बुधवार को सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। इसी के साथ पिछले चार दिन में मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। इसमें एक पूर्व IAS भी शामिल हैं। जयपुर-अजमेर हाईवे पर 20 दिसंबर की सुबह करीब पौने छह बजे हादसा हुआ था।
बुधवार सुबह करीब 4 बजे विजेता (22) निवासी प्रतापगढ़ (राजस्थान) और सुबह करीब साढ़े नौ बजे विजेंद्र (36) निवासी भुरीबड़ाज, पावटा (जयपुर) ने दम तोड़ दिया। इसके बाद दोपहर एक बजे के आसपास घायल बंशीलाल (35) की भी मौत हो गई। विजेता और विजेंद्र क्रमश: 70-70 प्रतिशत झुलसे थे। गंभीर रूप से झुलसे 15 मरीजों का अभी सवाई मान सिंह (SMS) हॉस्पिटल के बर्न वॉर्ड में इलाज चल रहा है।
दोनों की बॉडी SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दी गई है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव परिजनों को दिए जाएंगे। मंगलवार (24 दिसंबर) को भी 2 लोगों की मौत हुई थी। इसमें एटा (यूपी) के रहने वाले नरेश बाबू और नूंह (हरियाणा) के यूसुफ शामिल हैं।
SMS हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जन डॉक्टर राकेश जैन ने बताया- 18 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को 2 लोगों की मौत के बाद बुधवार को भी सुबह 2 लोगों ने और दोपहर को एक व्यक्ति ने दम तोड़ा, जिनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। अब गंभीर रूप से घायल 1 मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है। इसे मिलाकर कुल 15 का इलाज चल रहा है। इसके अलावा कुल 5 अन्य मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 3 को सोमवार को और 2 को मंगलवार को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया था।
जयपुर के अजमेर रोड पर भांकरोटा (DPS के पास) 20 दिसंबर को हुए हादसे में 4 लोग मौके पर ही जिंदा जल गए थे। 8 लोगों ने उसी दिन सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। 1 मौत जयपुरिया हॉस्पिटल में हुई थी।
जयपुर में एलपीजी ब्लास्ट मामले में पुलिस ने टैंकर ड्राइवर जयवीर सिंह से मंगलवार को पूछताछ की थी। ड्राइवर ने पुलिस को बताया था कि 20 दिसंबर की सुबह 5.44 बजे रिंग रोड पर जाने के लिए कट से यू टर्न लिया था। टर्न लेने के दौरान पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी थी। उधर, पुलिस ने ट्रक मालिक दिल्ली निवासी अनिल को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।पुलिस को जयवीर सिंह (LPG टैंकर ड्राइवर) ने बताया कि हादसे के दौरान टैंकर में वह अकेले था। बिना समय गंवाए मैं भागने लगा। टैंकर से निकली गैस आग का गोला बन कर सड़क पर फैलने लगी। तब तक मैं रिंग रोड पर आ चुका था। मैंने फोन कर ट्रक मालिक अनिल कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोबाइल को बंद कर लिया।
