राजस्थान में श्मशान में चिता पर लेटा व्यक्ति हुआ जिंदा : शरीर हिलने लगा और सांसे चलने लगी,4 घंटे पहले हॉस्पिटल ने किया था मृत घोषित,2 घंटे फ्रिज में भी रखा था ; कलेक्टर ने बनाई जांच कमेटी

डीपी न्यूज नेटवर्क । झुंझुनूं में श्मशान घाट में चिता पर लेटा व्यक्ति जिंदा हो गया। उसका शरीर हिलने लगा और सांसें चलने लगी। इस पर तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आईसीयू वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। अभी हालत स्थिर है। इस व्यक्ति को 4 घंटे पहले जिला अस्पताल में ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया था। इसके बाद उसकी बॉडी को मॉर्च्युरी भिजवा दिया गया, जहां डी फ्रिज में 2 घंटे तक रखी गई। इसके बाद पुलिस को बुलाकर पंचनामा बनाया गया और शव को एंबुलेंस की मदद से श्मशान घाट ले जाया गया था।

जानकारी के अनुसार, झुंझुनूं जिले में मां सेवा संस्थान के बगड़ स्थित आश्रय गृह में रहने वाले रोहिताश (25) की गुरुवार दोपहर को तबीयत बिगड़ गई थी। रोहिताश अनाथ हैं और मूकबधीर है। ऐसे में वो पिछले काफी समय से यहीं पर रह रहा है। रोहिताश को तबीयत बिगड़ने पर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दोपहर 1 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

डॉक्टर के मृत घोषित करने पर रोहिताश की बॉडी को अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया गया। यहां करीब 2 घंटे तक उसकी बॉडी डी फ्रिज में रखी रही। पुलिस के आने पर पंचनामा बनाया गया और शव मां सेवा संस्थान के पदाधिकारियों को सौंप दिया गया। पदाधिकारियों ने शाम करीब 5 बजे शव को एंबुलेंस में रखवाया और झुंझुनूं में ही पंच देव मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट ले गए। यहां रोहिताश की बॉडी को चिता पर रखा तो उसकी सांस चलने लगी और शरीर हिलने लगा। यह देखकर वहां मौजूद सभी लोग डर गए। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस बुलाकर रोहिताश को अस्पताल ले गए। फिलहाल उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है और हालत सामान्य हैं।

उधर, कलेक्टर के आदेश पर तहसीलदार महेंद्र मूंड, सामाजिक अधिकारिता विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पवन पूनिया भी अस्पताल पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में पीएमओ डॉ. संदीप पचार की मौजूदगी में करीब 1.30 घंटे तक डॉक्टरों की बैठक हुई।

कलेक्टर ने रात करीब 10.30 बजे पीएमओ डॉक्टर संदीप पचार, सामाजिक अधिकारिता विभाग के डिप्टी डायरेक्टर पवन पूनिया सहित अन्य अधिकारियों को अपने बंगले पर बुलाया और मामले की जानकारी ली।

जिला कलेक्टर रामअवतार मीणा ने बताया- पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। पीएमओ से रिपोर्ट मांगी गई है। पूरे मामले से मेडिकल डिपार्टमेंट के सचिव को जानकारी दे दी गई है।

बगड़ थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया- मामले की जांच कर रहे हैं। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!