विधानसभा चुनाव 2024 : महाराष्ट्र भाजपा ने 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
डीपी न्यूज़ नेटवर्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को बीजेपी ने 99 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की। इनमें 6 सीटें एसटी और 4 सीटें एससी के लिए हैं। वहीं, 13 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया है। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी सीट से टिकट दिया गया है। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को भोकर विधानसभा से उतारा गया है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को कोलाबा से और नितेश राणे को कंकावली से टिकट मिला है। नार्वेकर शिवसेना और NCP विधायकों की सदस्यता खत्म नहीं करने को लेकर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। नितेश राणे मुस्लिम विरोधी बयानों को लेकर अभी विवादों में हैं। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर सिंगल फेज में 20 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। 20 नवंबर को ही नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इसके प्रत्याशी का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

