सलूंबर और चौरासी में भारत आदिवासी पार्टी ने कांग्रेस से समर्थन मांगा : रोत ने कहा – हम देवली-उनियारा में नहीं उतारेंगे प्रत्याशी;कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पलटवार – समर्थन की बारी BAP की

डूंगरपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने चौरासी ओर सलूंबर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके बाद BAP सांसद राजकुमार रोत ने कांग्रेस से गठबंधन को लेकर फिर से बयान दिया है। उन्होंने दोनों ही सीटों पर फिर से कांग्रेस से समर्थन मांगा है। जवाब में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि हमने लोकसभा में समर्थन दिया था। अब बारी BAP की है। वह कांग्रेस को समर्थन दे।

प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी के बीच गठबंधन की चर्चाओं के बीच BAP ने 2 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। BAP ने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों से पहले अपने उम्मीदवार उतारे हैं। सलूंबर विधानसभा सीट से जितेश कटारा और चौरासी विधानसभा सीट से अनिल कटारा को मैदान में उतारा है। दोनों हो युवा चेहरे हैं। वहीं, प्रत्याशियों की घोषणा के बाद बांसवाड़ा-डूंगरपुर से BAP सांसद राजकुमार रोत ने कहा कि हमने कांग्रेस नेताओं से कहा है कि वे गठबंधन चाहते हैं तो चौरासी ओर सलूंबर दोनों सीटे छोड़ दें। हम देवली-उनियारा सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारेंगे।

सांसद राजकुमार रोत के इन बयानों के कुछ देर बाद ही कांग्रेस से जिलाध्यक्ष वल्लभ राम पाटीदार ने कहा कि किसी तरह से कोई गठबंधन नहीं होगा। हमने लोकसभा में समर्थन दिया था। अब BAP को चाहिए कि वह कांग्रेस के समर्थन में आए। वल्लभ राम पाटीदार ने कहा कि कांग्रेस के ऑब्जर्वर 21 अक्टूबर को डूंगरपुर आएंगे। चौरासी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आमराय के बाद प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। ऐसे में इस बार कांग्रेस और BAP दोनों ही पार्टियां एक दूसरे से समर्थन मांगने का दांव खेल रहे हैं। हालांकि कोई भी पार्टी समर्थन देने के मूड में नहीं है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!