68वी जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विवाद : उद्घाटन को लेकर भाजपा और बाप के कार्यकर्ता हुए आमने सामने,विधायक बैठे धरने पर
सलूम्बर,डीपी न्यूज नेटवर्क । जिले के 68वीं जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विवाद का मामला सामने आया है। सलूंबर के लसाड़िया उपखंड क्षेत्र के टटाकिया गांव में जिला स्तरीय 68वीं कुश्ती प्रतियोगिता में भाजपा एवं भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। लक्ष्मणलाल मीणा ने बताया कि उद्घाटन समारोह में प्रधान लीला देवी मीणा को बुलाने पूर्व में ही गांव वासियों से निर्णय हो गया था। वहीं विधायक थावरचंद डामोर को समापन समारोह में बुलाने का निर्णय किया गया था, लेकिन उद्घाटन समारोह में भारतीय आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से विधायक थावरचंद को बुलाया कर कार्यक्रम में बाधा उत्पन्न कर दी। इस पर पुलिस प्रशासन को सूचित किया। पुलिस व प्रशासन ने मौके पर शांति व्यवस्था कायम की। इधर, विधायक थावर चंद डामोर का कहना है कि मुझे निमंत्रण मिला तब ही मैं कार्यक्रम में पहुंचा। पुलिस प्रशासन की ओर से विधायक थावरचंद डामोर से समझाइश कर कार्यक्रम स्थल से रवाना किया। फिर विधायक थावर चंद डामोर लसाड़िया थाने पहुंचे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। फिर 2.30 बजे से तहसील कार्यालय पर धरना शुरू किया। सोशल मीडिया पर मैसेज वाइरल हुआ । तब लसाड़िया तहसील कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन जताया। मौके पर लसाड़िया तहसीलदार रामजीलाल गुर्जर पहुंचे। विधायक डामोर से समझाइश की, लेकिन विधायक व कार्यकर्ता ने ज्ञापन देकर समस्त मांग पूरी होने पर धरना समाप्त करने को कहा। मौके पर लसाड़िया पुलिस थाना का जाब्ता पहुंचा। सूचना पर सराड़ा डिप्टी मदन विश्नोई मौके पर पहुंचे। विधायक डामोर से समझाइश की, लेकिन विधायक के समर्थक नहीं माने। इस पर विधायक समर्थक नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने धरना प्रदर्शन देखते हुए लसाड़िया के साथ पुलिस थाना कूण, पुलिस लाइन सलूंबर से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। रात तक धरना जारी था।
