उदयपुर में देहलीगेट स्थित बंद स्टूडियो में लगी आग, दो गाड़ियां भी जलकर हुई खाक
उदयपुर,डीपी न्यूज नेटवर्क । शहर के देहलीगेट पर बीती रविवार रात करीब 11 बजे फैशन डीजी स्टूडियो में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। इससे लाखों रुपए के सामान के साथ पीछे गैराज में खड़ी दो गाड़ियां भी जलकर खाक हो गई। राह चलते किसी व्यक्ति ने फायर ब्रिगेड स्टेशन में सूचना दी। जहां से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। वहीं भूपालपुरा और धानमंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। दुकान सीज थी इसलिए दमकल कर्मियों ने बाहर से ही पानी की बौंछार करते हुए आग बुझाने की कोशिश की। तभी शटर में करंट फैलने से उन्हें झटके लगने लगे। सभी ने पाइप को छोड़कर अपनी जान बचाई। कुछ देर बाद में बिजली सप्लाई कटवाकर टीम ने दूसरे रास्ते में प्रवेश कर रात 1:40 बजे आग पर काबू पाया।
घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। बता दें, कि वक्फ से इस जमीन को लेकर विवाद के बाद नगर निगम ने इसी साल फरवरी में यहां बनी 44 दुकानों को सीज कर दिया था। इनमें यह स्टूडियो भी शामिल था।
