सरपंच का आरोप : 15 अगस्त के कार्यक्रम में मुझे नीचे बैठाया, पीईईओ बोले- आरोप झूठे, सम्मान दिया
कुराबड़,डीपी न्यूज नेटवर्क । ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भैसड़ा खुर्द में 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस समारोह में सरपंच जगदीश गमेती और प्रिंसिपल के बीच विवाद हो गया। सरपंच ने शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। सरपंच का आरोप है कि प्रिंसिपल ने उन्हें नीचे बैठाया, जबकि मंच पर प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल दोनों ही बैठे रहे। इस पूरे मामले में सरपंच जगदीश ने लिखित में दी शिकायत में बताया है कि प्रिंसिपल ने जानबूझकर उन्हें नीचा दिखाने के लिए मंच के नीचे बैठाया गया। साथ ही सामाजिक स्तर पर भी भेदभाव किया गया।
इधर, इस मामले में प्रिंसिपल रमेशचंद्र हरकावत ने आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि हमने पूरा सम्मान दिया है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में सरपंच आए थे। उनके हाथों से पुरस्कार वितरित भी किए गए। अब वे ऐसे आरोप क्यों लगा रहे है, वही जानें।
