बागीदौरा BAP विधायक की गाड़ी पर पथराव,विधायक ने साजिश की आशंका जताई
बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। विधायक अपने घर से पूर्व प्रधान चाचा संतोष पटेल के घर बरजडिया जा रहे थे। हमले के बाद विधायक ने स्पीड से गाड़ी भगाई और जान बचाई।
थोड़ी दूर जाने के बाद पटेल ने गाड़ी रोकी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में हमलावरों की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कोई सुराग नहीं लगा। घटना बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना इलाके में हुई।
सीआई कैलाश चंद्र ने बताया- विधायक जय कृष्ण पटेल गुरुवार रात करीब 9 बजे कानेला से अपने चाचा पूर्व प्रधान चाचा संतोष पटेल के घर बरजडिया जा रहे थे। इस दौरान बरजडिया घाटी में अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। हमले में उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। हमला होने पर विधायक ने स्पीड से गाड़ी भगाई और जान बचाई।
सीआई ने बताया- घटनास्थल से कुछ दूरी पर जाकर विधायक ने गाड़ी रोकी और फोन कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो सड़क किनारे पत्थर इकट्ठा किए हुए मिले। विधायक की गाड़ी के दरवाजे का शीशा टूट गया। एक पत्थर आगे की सीट पर आकर गिरा। पुलिस ने आसपास हमलावरों की तलाश की, लेकिन अंधेरे में कोई सुराग नहीं मिला
विधायक ने जताई साजिश की आशंका
विधायक ने गुरुवार रात करीब 10.30 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने साजिश की आशंका जताते हुए अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग रखी। विधायक ने बताया- मैं अपने घर पर बैठक करने के बाद कंगालिया गांव की तरफ जा रहा था। इस दौरान बरजडिया घाटी के पास अज्ञात लोगों ने गाड़ी पर पथराव कर दिया।
विधायक ने कहा- उन्होंने घटनास्थल से गाड़ी भगाई और थोड़ी दूर जाकर एसपी और थाने में सूचना दी थी। एक विधायक की गाड़ी पर पथराव किया गया है तो आम आदमी कहां तक सुरक्षित है। ऐसे माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
