निधि पंचाल की दहेज हत्या के आरोप में पति, सास और ससुर गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा : सुसाइड से पहले सोशल मीडिया पर प्रताड़ित करने के लगाए थे आरोप
डूंगरपुर के कोतवाली थाना पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी, पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। विवाहिता का शव उसके घर में संदिग्ध हालत में मिला था। वहीं, मौत से पहले विवाहिता ने प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कोतवाली थानाधिकारी भगवानलाल ने बताया की यश कुमार पंचाल पुत्र दामोदरलाल पंचाल निवासी भोपालवाडी थाना धानमंडी उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया था कि उसकी बेटी निधि पंचाल का ससुराल प्रतापनगर में हैं। 24 जून को उसे सूचना मिली की उसकी बेटी ससुराल में बेहोश हो गई है। जिसे डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीड़ित ने बताया कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो उसे बेटी मृत हालत में मिली।
पिता ने बताया की उसकी बेटी निधि की शादी 2020 में निशांत पंचाल निवासी प्रतापनगर से करवाई थी। शादी के बाद से पति निशांत पंचाल, ससुर प्रकाश पंचाल, सास इंद्रा पंचाल समेत अन्य उसे दहेज की मांग को लेकर परेशान करते थे। उसे शादी में समाज के अनुसार जेवर नहीं लाने और बेटा पैदा नहीं करने का उलाहना देकर तंग करते। ये बातें बेटी ने फोन कर बताई थी। 12 मई को बेटी ने फोन कर बताया की सास, ससुर और ननद उसके साथ मारपीट कर रहे है । जिस पर वह डूंगरपुर आकर बेटी को साथ ले गए। इसके बाद बेटी के वापस ससुराल जाने पर ससुराल वालों ने फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
उन्होंने कहा कि मौत से पहले बेटी ने पति, सास, ससुर पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए पोस्ट किया था। जिस पर पुलिस टीम ने जांच करते हुए आरोपी पति निशांत पंचाल, ससुर प्रकाश पंचाल और सास इंद्रा पंचाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से तीनों को 15 जुलाई तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
