T20 वर्ल्ड कप जिताकर रोहित-विराट का टी-20 से रिटायरमेंट
16 साल, 9 महीने और 5 दिन बाद भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का इंतजार खत्म कर दिया। यह संभव हुआ कप्तान रोहित शर्मा की ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के खिलाफ अटैकिंग फिफ्टी और विराट कोहली की प्लेयर ऑफ द फाइनल परफॉर्मेंस से।
रोहित-विराट के साथ टीम के बाकी खिलाड़ी भी अहम रहे, लेकिन इंडियन क्रिकेट के इन 2 दिग्गजों ने भारत की वर्ल्ड कप भूख खत्म करते ही टी-20 से संन्यास ले लिया। इसलिए इनका क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में लेजेंडरी सफर तो जानना जरूरी हो गया है।
दोनों खिलाड़ियों ने साउथ अफ्रीका से फाइनल जीतने के बाद क्या कहा
विराट कोहली
‘यह मेरा आखिरी टी-20 वर्ल्ड कप था, हम यही अचीव करना चाहते थे। शानदार गेम। रोहित के साथ ओपनिंग पर जाते हुए मैंने उनसे कहा था, किसी दिन आपको लगता है कि अब रन नहीं बनेंगे, फिर आप बैटिंग करने जाते हैं और रन आने लग जाते हैं। भगवान महान हैं, मैं शुक्रगुजार हूं कि टीम को जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब मैं परफॉर्म कर सका।’
भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 34 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से विराट ने पारी संभाली और 76 रन बनाकर भारत को चैलेंजिंग स्कोर तक पहुंचाया।
विराट ने आगे कहा, ‘यह मेरा आखिरी टी-20 मैच था। यह हमारा सपना था, हम ICC टूर्नामेंट जीतना ही चाहते थे, हम कप उठाना चाहते थे। मैंने सिचुएशन का सम्मान किया, फोकस रखा और अपनी टीम के हिसाब से खेला। सच कहूं तो मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि ये कैसे हो गया, जितना खराब टूर्नामेंट मेरा जा रहा था, मैं फाइनल में परफॉर्म कर खुश हूं।
हम अगर फाइनल हार जाते तब भी मैं संन्यास ले लेता। अब नई जनरेशन जिम्मेदारी संभाले। वर्ल्ड कप 2 साल बाद होगा, भारत में बहुत से टैलेंटेड खिलाड़ी हैं, ये टी-20 फॉर्मेट में टीम को आगे ले जाएंगे। मुझे यकीन है कि वे भारत का झंडा इसी तरह लहराएंगे।’
रोहित शर्मा
‘मेरा भी यह आखिरी टी-20 था। इस फॉर्मेट को अलविदा कहने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता। मैंने करियर का हर मोमेंट एंजॉय किया। मैंने अपना इंटरनेशनल करियर इसी फॉर्मेट से शुरू किया। मैं यही चाहता था, मैं कप जीतना चाहता था।
मेरे पास शब्द नहीं हैं। मेरे लिए यह बहुत इमोशनल मोमेंट है, मैं ICC ट्रॉफी किसी भी हाल में जीतना चाह रहा था। खुश हूं कि हमने फाइनली यह कर दिखाया।’
दोनों भारतीय खिलाड़ियों का लेजेंडरी टी-20 सफर
1. विराट कोहली
टी-20 वर्ल्ड कप के टॉप रन स्कोरर
विराट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में 76 रन बनाए। इसी के साथ टी-20 वर्ल्ड कप करियर उन्होंने सबसे ज्यादा 1292 रन बनाकर खत्म किया। विराट ने टूर्नामेंट में 15 फिफ्टी लगाईं।300 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में उनका करीब 59 का औसत बेस्ट रहा।
2. रोहित शर्मा
टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे टॉप स्कोरर
रोहित शर्मा ने 2007 में पहला ही टी-20 वर्ल्ड कप खेला, भारत इसमें जीता। तब से रोहित ने लगातार 9 वर्ल्ड कप खेले। 47 मुकाबलों में उन्होंने 34.85 की औसत और 133.04 की स्ट्राइक रेट से 1220 रन बनाए। इनमें 12 फिफ्टी शामिल रहीं। वह विराट के बाद वर्ल्ड कप के दूसरे टॉप स्कोरर हैं।
