झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से महिला की मौत, गुस्साएं परिजनों ने क्लिनिक और मकान मालिक के घर पर किया हमला
उदयपुर जिले के कोटड़ा क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से एक महिला की मौत के मामले आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर के क्लिनिक पर हमला बोल दिया और डॉक्टर नहीं मिला तो किराए चलने वाले क्लिनिक के मकान मालिक के घर पर भी तोड़फोड़ की। पूरा मामला मांडवा थाना क्षेत्र के बिकरणी गांव का है।
मांडवा थाना क्षेत्र के देबरी खेजरी (छापरिया) निवासी सिरमी (56) पत्नी हमरिया बुंबरिया की तबीयत खराब होने पर परिजन बिकरणी में एक झोलाछाप के क्लिनिक पर उपचार के लिए लेकर लाए थे। झोलाछाप ने बिना जांच किए इंजेक्शन लगा दिया, जिससे महिला की तबियत बिगड़ गई। परिजन महिला को तुरंत सीमावर्ती गुजरात के पोशीना के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया और परिजनों का गुस्सा बढ़ गया।
इधर, महिला की मौत की सूचना मिलते ही झोलाछाप डॉक्टर क्लिनिक से फरार हो गया और वहां पर महिला के परिजन पहुंचे और जहां क्लिनिक चलता था उसके मकान मालिक के घर पर हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी व पत्थर के हमले से बिकरणी निवासी सिराज पुत्र हैदर खान, शाहिल पुत्र रसूल खान व रुकसाना पत्नी रसूल खान घायल हो गए। लोगों की भीड़ ने मकान पर भी पत्थर बरसाए। इन सभी घायलों को अस्पताल ले गए।
सूचना पर मांडवा पुलिस जाप्ते के साथ बिकरणी पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर भीड़ वहां से भाग निकली। बिकरणी में एहतियात के तौर पर पुलिस जाप्ता रातभर तैनात रहा। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
मांडवा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित बताते है कि गुस्साएं ग्रामीणों ने दो-तीन घरों पर पथराव किया। पुलिस पहुंची तब तब पथराव की घटना करने वाले वहां से भाग निकले थे। पुलिस ने वहां सुरक्षा के माकूल प्रबंध किए है और झोलाछाप की तलाश जारी है।
