उदयपुर : गांव वालो ने चोरों को पकड़ा, पुलिस को फोन करने पर पुलिसकर्मी बोला : हम सो रहे है,ग्रामीण खुद रात को करते गश्त, फोन करने पर भी नही आए पुलिसकर्मी

मावली,ओमप्रकाश सोनी । 

उदयपुर के पलाना गांव के लोगों ने आज सुबह अपने स्तर पर चोरों को पकड़कर बंधक बना लिया। इसके बाद पुलिस को फोन किया तो जवाब मिला- ‘हम सो रहे है।’ बार-बार फोन पर रेस्पांस नहीं किया। धीरे-धीरे गांव के लोग बस स्टैंड पर इक्ट्टठा हो गए और रास्ता जाम कर दिया। तब पुलिस पहुंची और समझाइश की।

मावली एसडीएम मनसुख डामोर, थानाधिकारी रमेश कविया भी पलाना कलां गांव पहुंचे और गांव वालों की बात सुनी। ग्रामीणों ने घासा पुलिस के रवैये को लेकर नाराजगी जताई और कहा कि सुनवाई नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने पकड़े तीन युवक

गांव के 15 लोग कर रहे थे गश्त

पलाना गांव मावली तहसील में आता है। यहां रहने वाले राजकुमार खटीक ने बताया कि गांव में पिछले काफी दिनों से चोरी की वारदात बढ़ गई थी। इस पर गांव के 15 लोग रात को गश्त करने लगे थे। इस दौरान आज सुबह करीब 3 बजे तीन चोरों को पकड़ा गया। गांव वालों ने दबाव बनाकर पूछा तो बोले-वे बिजली ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराने की नीयत से आए थे।

पुलिस को सुनाई खरी-खोटी

इसके बाद बीट अधिकारी से लेकर थाने में फोन किया लेकिन कोई नहीं आया। तब गांव वालों ने मुख्य रास्ते पर करीब सवा छह बजे जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच गांव के मुख्य बस स्टैंड पर पूरा गांव जमा हो गया और नारेबाजी करने लगे। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के बीच माहौल गर्मा गया। सरपंच नीतू जैन और गांव वालों ने एक सिपाही के आने पर खरी-खोटी सुनाई और नारेबाजी की। घासा थानाधिकारी भरत सिंह मौके पर पहुंचे और समझाइश की। गांव वालों ने कहा कि हमने बदमाशों को पकड़ा। इसके बाद भी पुलिस नहीं आई।

सरपंच बोली- पुलिस ने कहा अभी सो रहे

पलाना कलां सरपंच नीतू जैन ने बताया कि उन्होंने एएसआई को फोन किया तो बोले- ‘अभी सो रहे है, अभी उठे है, आ रहे है।’ सरपंच ने एडिशन एसपी अंजना सुखवाल को भी सूचना दी। घासा थानाधिकारी भरत सिंह ने कहा कि उन्हें सरपंच ने सुबह पौने सात बजे फोन से सूचना दी और तत्काल हैड साहब को भेज दिया था। बाद में खुद मौके पर पहुंच गए। मावली एसडीएम मनसुख डामोर ने बताया कि गांव वालों में गुस्सा इस बात को लेकर था कि घासा थाने में उनकी सुनवाई प्रोपर नहीं हो रही है। डामोर ने बताया कि पुलिस के आला अधिकारियों तक बात पहुंचाएंगे। पलाना कलां में गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा है।

20 दिन से गांव वाले कर रहे गश्त

गांव में पिछले 20 दिनों से गांव वाले ही अलग-अलग ग्रुप में रात को गश्त कर रहे है। गांव में बदमाशों की आवाजाही बढ़ने के बाद से ग्रामीण भयभीत है। गांव वाले कहते है कि पुलिस भी गश्त के लिए आती है लेकिन इसके बाद भी घटनाएं होती है इसलिए अपने स्तर पर भी गश्त शुरू की।

31 को तीन लाख नकद और जेवर ले गए थे चोर

गांव में 31 मई की रात को बदमाश गांव के राजकुमार खटीक के घर में छत से चोर घुसे और करीब तीन लाख की नकदी, जेवर चोरी कर ले गए। बुधवार रात को भी गश्त कर रहे ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!