जयपुर के ज्वेलर ने विदेशी महिला से की 6 करोड़ की ठगी, चांदी पर सोने की पॉलिश कर बेचा, ठगी के पेसो से 3 करोड का फ्लैट खरीदा

जयपुर में विदेशी महिला को नकली ज्वेलरी देकर 6 करोड़ रुपए ठगने का मामला सामने आया है। ज्वेलर बाप-बेटे ने चांदी की चेन पर सोने की पॉलिश और 300 रुपए वाले मोजोनाइट स्टोन (पत्थर) को लाखों रुपए का हीरे बताकर फर्जी सर्टिफिकेट भी दिया। पुलिस ने फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने वाले आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। फरार ज्वेलर के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करवाया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि धोखाधड़ी के रुपए से ज्वेलर्स ने जयपुर में 3 करोड़ का फ्लैट खरीदा है। पुलिस फरार दोनों बाप-बेटे की तलाश में दबिश दे रही है।

एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह ने बताया- यूएसए की रहने वाली चेरिस नौरते ने 18 मई को माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। जो पिछले दो साल से ज्वेलर राजेन्द्र सोनी और गौरव सोनी के कॉन्टैक्ट में थी। चेरिस ज्वेलर बाप-बेटे से रत्न जड़ित गहने खरीदकर अमेरिका में बिजनेस करती थी। इस दौरान उसने ज्वेलर बाप-बेटे से करीब 6 करोड़ रुपए के गहने खरीदे। अप्रैल में अमेरिका में लगी एग्जीबिशन में जांच कराने पर ज्वेलरी नकली निकली। पीड़िता मई 2024 में नकली ज्वेलरी लेकर जयपुर आई। जौहरी बाजार स्थित ज्वेलर बाप-बेटे राजेन्द्र सोनी और गौरव सोनी की जेम्स एंड ज्वेलरी शॉप पर आई। दोनों को ज्वेलरी निकालकर नकली होने के बारे में बताया। इस दौरान विदेशी महिला और ज्वेलर बाप-बेटे की कहासुनी हो गई। ज्वेलरी को वापस बैग में रखकर महिला ले गई।

विदेशी महिला के खिलाफ दी शिकायत

पीछे से माणक चौक थाने में आरोपी बाप-बेटे ने शॉप से जबरन ज्वेलरी उठा ले जाने की शिकायत दे दी। पुलिस जांच के दौरान CCTV फुटेज देखने पर विदेशी महिला अपने साथ लाई गहने ही वापस बैग में रखकर ले जाती दिखी। जबकि, ज्वेलर बाप-बेटे ने पुलिस को विदेशी महिला के गहने उठाते हुए दिखने वाली ही फुटेज दी। वहीं, परेशान होकर महिला ने एम्बेसी में शिकायत की। विदेशी महिला की शिकायत पर माणक चौक थाने में FIR दर्ज की गई

पुलिस ने गहनों की जांच करवाई

पुलिस ने पीड़िता को दी गई ज्वेलरी की सीतापुरा स्थित दूसरी लैब में जांच करवाई तो नकली पाई गई। पुलिस ने फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने वाले आरोपी नंद किशोर निवासी मानसरोवर को गुरुवार शाम अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया- वह परकोर्ट में जैम्स ज्वेलरी का काम करने के साथ सोने और डायमंड के सर्टिफिकेट बनता है। ज्वेलर की भेजी पर्ची के हिसाब से सर्टिफिकेट बनाकर जारी करता है।

धोखाधड़ी के पैसे से 3 करोड़ का फ्लैट खरीदा

मुख्य आरोपी गौरव व राजेन्द्र तीन-चार दिन से फरार हैं। इनको पकड़ने के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गौरव के खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी करवा दिया है। जांच में सामने आया कि गौरव ने हाल ही में सी-स्कीम में तीन करोड़ रुपए का फ्लैट खरीदा है। राजेन्द्र सिविल लाइंस में रहता है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!