दिल्ली के चाइल्ड हॉस्पिटल में आग,6 नवजात की मौत,5 बच्चों को किया रेस्क्यू

दिल्ली के विवेक विहार स्थित बच्चों के एक अस्पताल में शनिवार (25 मई) देर रात आग लग गई। हादसे में 6 नवजात बच्चों की मौत हो गई। 5 का रेस्क्यू किया गया है। इन्हें एडवांस NICU अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

दिल्ली फायर सर्विस चीफ अतुल गर्ग ने बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे न्यू बोर्न बेबी केयर सेंटर में आग की सूचना मिली थी। मौके पर दमकल की कुल 16 गाड़ियां पहुंचीं। तीन मंजिला बिल्डिंग के सभी फ्लोर पर आग लगी थी। फर्स्ट फ्लोर पर 12 नवजात बच्चे थे।

इनमें से एक की मौत आग लगने से पहले ही हो चुकी थी। दमकल की टीम और स्थानीय लोगों ने लकड़ी की सीढ़ियों पर चढ़कर खिड़की से अन्य 11 बच्चों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक धुएं में दम घुटने से 6 बच्चों की मौत हो गई थी।

चाइल्ड हॉस्पिटल में लगी आग पास की एक रेसिडेंशियल बिल्डिंग में भी फैल गई थी। इस बिल्डिंग से 11-12 लोगों को बचाया गया है। करीब डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद फायर सर्विस ने दोनों इमारतों में लगी आग पर काबू पाया।

ऑक्सीजन सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान आग लगने की संभावना

फायर डिपार्टमेंट और पुलिस अधिकारी का कहना है कि अभी आग लगने की वजह का पता नहीं चला है। हालांकि, अब तक की जांच में पता चला है कि बेबी केयर सेंटर के पास किसी एम्बुलेंस में ऑक्सीजन गैस की रिफिलिंग की जा रही थी। उसी दौरान धमाके की तेज आवाज सुनाई दी। ऐसे में आशंका है कि ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट के कारण आग लगी होगी। हालांकि, अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

दिल्ली पुलिस ने न्यू बोर्न बेबी केयर अस्पताल के मालिक नवीन किची के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 (दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालना), 304A (लापरवाही से मौत) और 34 (आपराधिक गतिविधि) के तहत एफआईआर दर्ज की है। वह पश्चिम विहार का रहने वाला है। घटना के बाद से वह फरार है।

हादसे के कुछ घंटों बाद कृष्णा नगर में आग लगी, 3 की मौत

बेबी केयर सेंटर में आग की घटना के तीन घंटे बाद शाहदरा इलाके के कृष्णा नगर में भी एक रेसिडेंसियल बिल्डिंग में आग लगी। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 2 महिलाएं भी हैं। फायर ब्रिगेड ने 10 लोगों का रेस्क्यू किया है। इनमें 3 लोग झुलसने से घायल हो गए हैं।

फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने बताया कि रात 2:35 मिनट पर आग की सूचना मिली। आग इंडियन बैंक के पास की गली नंबर 1 की बिल्डिंग में लगी थी। बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में 11 दोपहिया वाहनों में आग लगी थी, जो पहली मंजिल तक फैल गई।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग को बुझाया गया। फिलहाल, आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!