दस दिवसीय संस्कृत शिविर में पंजीकरण की तिथि 3 दिन बढ़ाई, 19 मई से होगा शुरू
16 से 35 वर्ष तक के युवाओं को गुरुकुल पद्धति से अनेक विषयों का गूढ़ प्रशिक्षण दिया जाएगा
भटेवर,कन्हैयालाल मेनारिया । विश्व हिंदू परिषद चितौड़ प्रांत के संस्कृत आयाम की तरफ से दस दिवसीय संस्कृत शिविर का आयोजन 19 मई से 29 मई तक विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय माधव परिसर सागवाड़ा में किया जा रहा है । चित्तौड़ प्रान्त प्रमुख अभिषेक शर्मा ने बताया शिविर में 16 से 35 वर्ष तक के स्कूल , कॉलेज के एवं अन्य युवाओं को गुरुकुल पद्धति से अनेक विषयों का गूढ़ प्रशिक्षण दिया जाएगा । शिविर में भाग लेने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 मई थी लेकिन युवाओं की रुचि को देखते हुए पंजीकरण की तिथि को 3 दिन बढ़ा दिया गया है अब 18 मई तक कोई भी युवा अपना पंजीकरण करवा सकेगा। अभी तक 80 युवाओं का पंजीकरण हो चुका है। शर्मा के अनुसार विश्व हिंदू परिषद के संस्कृत आयाम के द्वारा देववाणी संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार व प्राचीन ग्रंथो के सरंक्षण के लिए अनवरत कार्य किया जा रहा है इसी उद्देश्य को लेकर सागवाड़ा में दस दिवसीय संस्कृत शिविर आयोजित होने जा रहा है। इस शिविर में भाग लेने वाले शिविरार्थियों को गुरुकुल पद्धति से संस्कृत संभाषण, व्याकरण, ज्योतिष, योग, भगवद गीता ,वैदिक मंत्रों का अभ्यास, व्यक्तित्व विकास सहित अनेक विषयों का गूढ़ प्रशिक्षण दिया जाएगा | शिविर पूर्ण रूप से आवासीय रहेगा| जिसमें चित्तौड़ प्रांत में आने वाले जिलों के अलावा भी राजस्थान के अन्य जिलों से भी यूवा भाग लें सकेंगे।
