उदयपुर : दाल-बाटी खाने से बच्ची की मौत,मां और 2 बहनों की हालत गंभीर
डिनर में दाल-बाटी खाने के बाद मां और तीन बेटियों की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय बड़ी बेटी की मौत हो गई। मां और 2 बेटियों का इलाज चल रहा है। मामला उदयपुर के बाघपुरा थाना इलाके का रविवार रात 10:30 बजे का है। बाघपुरा थाना के SHO करनाराम जाट ने बताया- बाघपुरा के रहने वाली कलावती (30) पत्नी लक्ष्मण तेली और उनकी बेटी हर्षिता (10), साक्षी (8) व हार्दिका (5) ने रात के खाने में दाल-बाटी खाई थी। रात करीब 10:30 बजे सभी सोने की तैयारी में थे। तभी मां और तीनों बेटियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी होने लगी। पति लक्ष्मण तेली उन्हें तुरंत बाघपुरा सरकारी हॉस्पिटल लेकर गया। वहां से चारों की हालत गंभीर होने के कारण उदयपुर के सरकारी एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। हॉस्पिटल ले जाते समय हर्षिता ने दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद हर्षिता का शव परिजन को सुपुर्द कर दिया। डॉक्टर बोले- चारों ने जहर खाया
एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉक्टर आरएल सुमन ने बताया- 3 बेटियों सहित मां ने जहर खाया है। बड़ी बेटी ने ज्यादा मात्रा में खाया था, इसलिए उसकी मौत हो गई।
थानाधिकारी करनाराम से जब पूछा गया कि डॉक्टरों ने जहर खाने की बात की पुष्टि की है तो वे बोले- खाना खाते समय हो सकता है छिपकली खाने में गिर गई हो। उससे भी शरीर में जहर फैल सकता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर सही कारण पता लग पाएगा। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने बताया- परिवार में गृह क्लेश था। इसी के चलते सुसाइड करने की आशंका है। बच्ची के पिता लक्ष्मण तेली की जूतों की दुकान है।
