सरकारी हॉस्पिटल से गायब मासूम 4 दिन बाद मिली,पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले

उदयपुर के सरकारी महाराणा भूपाल हॉस्पिटल (MB) में 4 दिन पहले चोरी हुई 13 महीने की बच्ची अभियंशी मंगलवार को मिल गई है। उदयपुर पुलिस ने बच्चा चुराने वाली आरोपी महिला मंजू गमेती उर्फ लीलाबाई (30) को गिरफ्तार किया है। महिला को सुखेर थाना क्षेत्र के चीरवा स्थित डोरियों फला महादेव मंदिर के पीछे स्थित पहाड़ियों में बने रोशन गमेती के घर से पकड़ा।

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि आरोपी महिला मंजू के कोई संतान नहीं थी। इसलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिय। उन्होंने बताया बताया कि महिला कई समय से हॉस्पिटल के आसपास मजदूरी का काम करती थी और बच्चा चुराने की फिराक में यहीं घूमती रहती थी। बच्ची सकुशल मिली है जिसे उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।

खुद की संतान बताकर रोशन के साथ रहना चाहती थी महिला

एसपी गोयल ने बताया कि आरोपी महिला शराब पीने की आदि थी। रोशन गमेती और आरोपी महिला के बीच आपसी मनमुटाव हो गया था। इस कारण महिला बीते 6-7 माह से रोशन से अलग रह रही थी। यह इस बच्ची को खुद की संतान बताकर रोशन के साथ रहना चाहती थी। इसलिए बच्ची को लेकर रोशन के घर चली गई थी। ताकि इसके अपराध का किसी को पता नहीं लगे।

हालांकि पुलिस पूछताछ में रोशन ने इसे अपना बच्चा मानने से इंकार किया। महिला से बच्चा चुराने को लेकर विस्तृत पूछताछ जारी है। एसपी ने जनता और व्यापारियों को अपील करते हुए कहा अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के साथ-साथ अपने शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं।

पुलिस की 4 टीमें जुटी रही, 200 सीसीटीवी खंगाले

एसपी ने बताया कि डीएसटी और हाथीपोल थाना पुलिस ने करीब 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें पता लगा कि ये महिला कोर्ट चौराहा पर किसी गार्ड के पास रुकी थी। पुलिस ने उस गार्ड से सम्पर्क किया। गार्ड से उस महिला के बारे में कुछ जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने चीरवा के पास एक रोशन गमेती नाम के व्यक्ति के घर पहुंची। जहां से महिला को बच्ची के साथ दस्तयाब किया।

जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को तड़के साढ़े पांच बजे एक महिला मासूम अभियंशी को उठा ले गई थी। इस दौरान अभियंशी अपनी मां हीना के पास सर्जिकल वार्ड के बाहर सो रही थी। घटना की जानकारी के बाद हाथीपोल थाना पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले थे। सीसीटीवी में एक महिला अभियंशी को जाते हुए दिखी। इसके बाद 4 टीमें बनाकर तलाश शुरू की तो पता चला कि महिला बच्ची को लेकर उदयपुर-नाथद्वारा हाईवे की तरफ निकली है।

भाई के लिए भोपाल से आई थी बहन, 10 दिन से हॉस्पिटल में थी

पुलिस के अनुसार बच्ची की मां भोपाल निवासी हीना परिहार का भाई दीपक राज परिहार राजसमंद के कांकरोली का रहने वाला है और कार मैकेनिक है। पेट में परेशानी के चलते उसका 10 दिन पहले ऑपरेशन हुआ था और घटना के एक दिन पहले उसे आईसीयू से जनरल सर्जिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया था।

भाई के आॅपरेशन की सूचना मिलने पर बहन हीना भी 10 दिन पहले 13 महीने की बेटी अभियंशी को साथ लेकर उदयपुर आ गई थी। हीना भाई की देखरेख के लिए रात में हॉस्पिटल में रुकती थी। 23 फरवरी की रात वह बेटी को लेकर वार्ड के बाहर बरामदे में सो गई थी। शनिवार सुबह देखा तो बच्ची गायब थी।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!