महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण भाजपा में शामिल

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अशोक चव्हाण आज (13 फरवरी) को भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व MLC अमर राजुलकर ने भी भाजपा की सदस्यता ली। डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

सूत्रों के मुताबिक, चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। बताया जा रहा है कि वे कल नामांकन भी कर सकते हैं। उधर, शिवसेना (UBT) सुप्रीमो उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अगर चव्हाण को राज्यसभा भेजते हैं, तो यह कारगिल के शहीद सैनिकों का अपमान होगा।

दरअसल, 2010 में कारगिल शहीदों के लिए मुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसाइटी बनाई गई थी। उस समय चव्हाण महाराष्ट्र के CM थे। तब भाजपा समेत तमाम विरोधी पार्टियों ने चव्हाण पर इस सोसाइटी में अपने रिश्तेदारों को घर बांटने का आरोप लगाया था। चव्हाण को तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

चव्हाण ने 12 फरवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दिया

भाजपा में आने से एक दिन पहले 12 फरवरी को चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था, इसके अलावा उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी रिजाइन कर दिया था। पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। अगले दो दिन में वो आगे का फैसला लेंगे।

चव्हाण ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा- आज मैं अपनी राजनीतिक करियर की एक नई यात्रा शुरू करने जा रहा हूं। मैं ‌BJP में शामिल होने जा रहा हूं। मैं महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता लूंगा।

 

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!