उदयपुर: फर्जी CBI IPS अफसर बनकर सर्किट हाउस में ठहरे चार युवक, रौब जमाने को बनवाया फर्जी आईडी कार्ड
हाथीपोल थाना पुलिस ने फर्जी सीबीआई आईपीएस ऑफिसर बनकर सर्किट हाउस में कमरा लेकर ठहरे एक शातिर बदमाश सहित 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोटपुतली निवासी सुनील सांखला ने सर्किट हाउस मैनेजर को अपना फर्जी पहचान पत्र दिखाकर कमरा ले लिया। मैनेजर द्वारा उन्हें कमरा नंबर-211 आवंटित किया गया। जिसमें वह अपने साथ 3 अन्य युवकों को रिश्तेदार बताकर वहां ठहरा। इसके बाद मैनेजर को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगी तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
हाथीपोल थानाधिकारी लीलाराम जाब्ते के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। जहां पूछताछ के बाद बीती रात चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है। थानाधिकारी लीलाराम ने बताया कि जयपुर स्थित कोटपुतली निवासी सुनील सांखला, इंद्राज सैनी, अमित चौहान और सत्यनारायण कनोलिया बुधवार को फतहसागर स्थित सर्किट हाउस पहुंचे।
सुनील ने खुद को मुंबई के बांद्रा में सीबीआई ऑफिसर होना बताया और अन्य 3 युवकों को अपना रिश्तेदार बताया। सुनील ने सर्किट हाउस के मैनेजर नरेश वर्मा को पहचान पत्र दिया। जिसमें सीबीआई का एसीपी पद लिखा था। उन्होंने उदयपुर में आने का कारण यहां घूमना बताया।
मैनेजर ने इनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुनील से पूछताछ की तो उसने पुलिस को भी खुद को सीबीआई अफसर होना बताया। पुलिस ने उसके पहचान पत्र की जांच की तो वह फर्जी पाया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रुतबा दिखाने और सर्किट हाउस में रुकने के लिए फर्जी आईडी कार्ड बनवाया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से उनके आपराधिक रिकॉर्ड और उनकी गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
