राजस्थान : घर में सो रहे परिवार पर हमला,महिला की मौत : पति-बेटा गंभीर घायल,सुबह भाई को जमीन पर पड़े मिले

घर में सो रहे परिवार पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। जबकि उसका पति और बेटा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जोधपुर जिला मुख्यालय रेफर किया गया है। मामला जोधपुर के शेरगढ़ थाना क्षेत्र की चामू पुलिस चौकी इलाके का है।

चामू चौकी प्रभारी दीप सिंह ने बताया- थाना क्षेत्र के भालू अनोपगढ़ गांव की ढाणी में शुक्रवार रात घर में सो रहे परिवार पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर चामू और शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

भाई ने दी पुलिस को सूचना

चामू चौकी प्रभारी ने बताया- शनिवार सुबह जोगाराम पुत्र लिखमाराम मेघवाल ने सूचना दी कि उसके छोटे भाई भागीरथराम की पत्नी सुशील (36) घर में मृत पड़ी है। वहीं उसका भाई और भतीजा जयदेव (10) घायल हालत में मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला झोपड़े में मृत पड़ी मिली।

घायल भागीरथ और जयदेव को तुरंत निजी वाहन से चामू अस्पताल लेकर आया गया। जहां से दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। घायलों के साथ पुलिस जाप्ता भी भेजा गया है। मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है। जिसे बालेसर सीएचसी पहुंचाया है। जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

घायल भागीरथराम के भाई जोगाराम ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई अपने तीन बच्चों के साथ ढाणी में अलग रहता है। घटना कैसे हुई इसकी कोई जानकारी नहीं है। घटना के वक्त घर में पति, पत्नी और दो बच्चे ही थे। दोनों का बड़ा लड़का बाहर किसी होटल पर काम करता है। वह घर पर नहीं था।

बालेसर पुलिस वृताधिकारी पदमदान चारण ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे। घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नही हो पाया। एक महिला की मौत हुई। वहीं महिला का पुत्र एवं पति घायल हुए हैं। घायल के भाई जोगाराम की रिपोर्ट पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जल्द इस मामले का खुलासा किया जाएगा।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!