विवेकानंद केंद्र विद्यालय, ऋषभदेव में भगवान श्री राम का अयोध्या में स्वागत का दृश्य मंचन एवं दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न
ऋषभदेव । विवेकानंद केंद्र विद्यालय ऋषभदेव में दीपावली अवकाश से पूर्व विवेकानंद सभागार में भगवान श्री राम का अयोध्या में आगमन एवं दीप जलाकर उनके अभिनंदन के दृश्य का मंचन किया गया। यह कार्यक्रम गौतम सदन के बैनर तले आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, महालक्ष्मी के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। कक्षा दसवीं के छात्रों के द्वारा दुनिया चले ना श्री राम के बिना… भजन का मधुर स्वर में गायन किया गया। पांच दिवसीय दीपोत्सव कार्यक्रम के बारे में विस्तार से उद्बोधन श्री घनश्याम व्यास ने दिया। युक्ति जैन ने कविता प्रस्तुति दी। गौतम सदन द्वारा विवेकानन्द सभागार में भगवान श्री राम का 14 वर्ष पूर्ण करने के बाद अयोध्या लौटने की दृश्य का मंचन किया गया। संपूर्ण सभागार अयोध्या की तरह सुसज्जित कर दीपक जलाकर रोशन किया गया एवं जैसे ही भगवान श्री राम,लक्ष्मण और माता सीता के साथ हनुमान जी का प्रवेश हुआ तो संपूर्ण सभागार जय जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा। विद्यार्थियों में उत्साह देखते ही बन रहा था पूरा वातावरण राममय हो गया था। अयोध्या में भव्य स्वागत का दृश्य ने सभी के हृदय को मोह लिया।
कक्षा सातवीं की बालिकाओं ने आयो रे शुभ दिन…. एवं मेरे घर राम आए हैं….. गीत पर बहुत ही शानदार मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। दीप उत्सव की तरह संपूर्ण सभागार एक उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण हो गया। सभी विद्यार्थियों ने एवं शिक्षकों ने भगवान श्री राम, लक्ष्मण एवं सीता माता का अभिनंदन कर मंच पर आसीन किया। प्रिंसिपल श्रीमती विजय श्री यादव ने सभी विद्यार्थियों शिक्षकों एवं अभिभावकों को दीपावली की शुभकामना देते हुए दीपोत्सव कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में महालक्ष्मी, मां सरस्वती एवं श्री राम लक्ष्मण,सीता माता एवं हनुमान जी की सामूहिक आरती की गई। कार्यक्रम का संचालन दिया कोठारी ने किया।
