स्वास्थ्य जांच शिविर में जैताना छात्रावास की 5 छात्राएं आई फ्ल्यू पीड़ित मिली, उपचार किया

तहसील क्षेत्र के जैताना गांव स्थित जनजाति आवासीय बालिका छात्रावास में शनिवार को एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें 5 छात्राएं आई फ्ल्यू से पीड़ित पाई गई, जिस पर चिकित्सा विभाग ने बालिकाओं को उपचार देते हुए बचाव की जानकारी दी। जैताना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सुनील कुमावत ने बताया कि सलूंबर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संपत मीणा के निर्देशन में लगाए जांच शिविर में छात्रावास की 50 बालिकाओं का स्वास्थ्य निरीक्षण किया गया, जिसमें से 5 छात्राओं में इन दिनों तेजी से फैल रहे आईफ्लू से पीड़ित पाए जाने पर इलाज किया गया। रोकथाम, बचाव व उपचार की जानकारी दी गई। इस दौरान डॉ. कुमावत सहित नर्सिंग ऑफिसर प्रशांत उपाध्याय, एलएचवी शीला विहात, लैब सहायक गौतम लाल मीणा, छात्रावास अधीक्षक छाया कटारा ने सेवाएं दी ।
