यू-विन पोर्टल का दिया प्रशिक्षण,मिशन इंद्रधनुष 5.0 का कवरेज होगा आसान

उदयपुर,नितेश पटेल । चिकित्सा विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण की एंट्री के लिए यू विन पोर्टल के प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक डॉ जेड. ए. काजी ने की। कार्यशाला में जिला स्तर से सांख्यिकी कर्मचारी, डीपीएम, डीएनओ, डीएसी, खण्डस्तर से बीसीएम ओबीपीएम, बीएनओ, बीएएफ, पीएचएम एवं चिकित्सक शामिल हुए। प्रशिक्षण आरसीएचओ डॉ. अशोक आदित्य, डॉ. अक्षय व्यास, डॉ. राकेश गुप्ता, मुदित माथुर, वैभव सरोहा व प्रताप सिंह ने दिया। आरसीएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि मिशन इन्द्रधनुष अभियान 5.0 अगस्त माह से संचालित होगा। अभियान के अंतर्गत जिले में टीकाकरण से वंचित 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जायेगा। बच्चों का हेड काउंट सर्वे करवाकर उन्हें चिन्हित किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर बामणिया ने बताया कि पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की एंट्री आधार कार्ड से एवं शिशुओ की एंट्री माता-पिता के आधार कार्ड से की जायेगी जिससे गर्भवती महिलाओं व शिशुओं का देश में कहीं भी टीकाकरण होने पर यू विन पोर्टल पर एंट्री हो सकेगी तथा पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण की सूचना हर जगह उपलब्ध हो सकेगी। यू विन पोर्टल पर एंट्री होने से ममता कार्ड और टीकाकरण कार्ड की अब आवश्यकता नहीं रहेगी।
अभियान तीन चरणों में होगा आयोजित
आरसीएचओ डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष का आयोजन तीन चरणों में किया जायेगा। प्रथम चरण 7 अगस्त से 12 अगस्त तक, द्वितीय चरण 11 सितम्बर से 16 सितम्बर और तृतीय चरण 9 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। बच्चों को नियमित टीकाकरण से पांच साल में बीसीजी, हिपेटाइटिस, डिप्थीरिया, पोलियो जैसे टीके सात बार लगाए जाते है। बच्चों के जन्म के समय, डेढ़ माह पर, ढाई माह पर, साढ़े तीन माह पर, नौ माह पर डेढ़ साल पर व पांच वर्ष पूर्ण होने पर टीके लगाए जाते हैं। इन टीकों से वंचित बच्चों को टीकाकरण करने अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

0
0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!